छतरपुर। यहां संस्कृति के नाम पर आयोजित एक कार्यक्रम में जमकर अश्लील नृत्य का प्रदर्शन किया गया। आप जानकर शर्मसार हो जाएंगे कि यह सबकुछ नगरपालिका की महिला अध्यक्ष के सामने हुआ और वो मुस्कुराते हुए बैठी रहीं।
छतरपुर जिले में जल विहार मेले में आयोजकों ने संस्कृति के नाम पर दर्शकों के सामने खूब अश्लीलता परोसी। डांस करने के लिए इस आयोजन में नगर पालिका ने बार बालाओं को बुलाया था। हर साल आयोजित होने वाला जल विहार मेला अब छतरपुर संस्कृृति का हिस्सा बन चुका है। इस कार्यक्रम को हर बार की तरह इस बार भी नगर पालिका ने ही आयोजित करवाया।
गुरुवार रात नगर पालिका अध्यक्ष के मंच पर पहुंचने के बाद कार्यक्रम को शुरू किया गया तो शुरूआत में तो सबकुछ ठीक रहा लेकिन इसके बाद मंच पर बार बालाएं आ गई और प्रस्तुति के नाम पर उन्होंने जमकर फूहड़ और अश्लील नृत्य किया। यह पूरा कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा। हैरानी की बात ये है कि जिस समय यह अश्लीलता चल रही थी उस समय नगर पालिका की अध्यक्ष जो खुद एक महिला हैं वो भी वहां मौजूद थीं। सूत्रों के अनुसार घटना सामने आने के बाद से ही अध्यक्ष को कड़ी आलोचना सहनी पड़ रहा है।