भोपाल, 29 जून 2026: सेल्फी और रील का जुनून GenZ के सिर पर इतना चढ़ गया है कि वह इसके लिए अक्सर अपनी जान को खतरे में डाल देते। संडे को युवाओं का एक गुट कलियासोत के उस इलाके में चला गया, जहां मगरमच्छ रहते हैं। किसी को तैरना नहीं आता था फिर भी पानी के भीतर चले गए और एक युवक हादसे का शिकार हो गया।
गहरे पानी में REEL बना रहे थे
पुलिस के अनुसार, जाटखेड़ी (मिसरोद) निवासी अंगद दांडे (17) पुत्र संतोष दांडे रविवार को अपने तीन दोस्तों के साथ कलियासोत डैम गया था। सभी दोस्त पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर ढलान वाले हिस्से में पानी में उतरकर फोटो खिंचवा रहे थे। शुरुआती हिस्से में पानी घुटनों तक था, लेकिन कुछ कदम आगे ही गहराई अधिक होने के कारण अंगद संतुलन खो बैठा और डूब गया।
किसी को तैरना नहीं आता था, फिर भी पानी में उतर गए
उसे और उसके साथ मौजूद किसी भी दोस्त को तैरना नहीं आता था। घटना के बाद दोस्तों ने शोर मचाया, लेकिन आसपास कोई मदद के लिए नहीं था। इसके बाद वे पास स्थित पुलिस चौकी पहुंचे और सूचना दी। पुलिस ने तत्काल गोताखोरों को बुलाया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद किशोर का शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मौत की चेतावनी को इग्नोर कर रहे हैं लोग
पुलिस ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां मगरमच्छों की मौजूदगी और गहरे पानी को लेकर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। साथ ही नगरीय प्रशासन की मदद से फेंसिंग और स्टॉपर भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद लोग सुरक्षा इंतजामों को नजरअंदाज कर रास्ता बनाकर डैम तक पहुंच जाते हैं, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना रहता है।

