भोपाल, 28 जून 2026: मेट्रोपॉलिटन सिटी भोपाल के 6.50 लाख तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और BHEL सहित गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में काम करने वाले मजदूरों के लिए सोनागिरी में 300 बिस्तर का ESIC अस्पताल खुलने जा रहा है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया से चर्चा करने के बाद गोविंदपुरा विधायक एवं मंत्री कृष्णा गौर ने विधिवत मांग पत्र भेज दिया है।
300-Bed ESIC Hospital for 6.5 Lakh Workers in BHEL, Govindpura and Bhopal
राज्यमंत्री ने पत्र में कहा है कि सोनागिरी स्थित ईएसआईसी अस्पताल भोपाल, मंडीदीप, सतलापुर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों एवं उनके परिवारों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान है। वर्तमान में करीब 6.5 लाख बीमित कामगार इस अस्पताल से जुड़े हुए हैं और अपनी चिकित्सा आवश्यकताओं के लिए इसी पर निर्भर हैं।
उन्होंने उल्लेख किया कि पहले इस अस्पताल का संचालन राज्य शासन के श्रम विभाग के अधीन राज्य कर्मचारी बीमा सेवाओं द्वारा किया जाता था। 22 जून 2023 से इसका संचालन भारत सरकार के श्रम मंत्रालय ने अपने हाथ में ले लिया है और वर्तमान में भी यह केंद्रीय श्रम मंत्रालय के नियंत्रण में संचालित हो रहा है।
कृष्णा गौर ने मांग की है कि श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल को 300 बिस्तरों तक विस्तारित किया जाए। साथ ही अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं अन्य आवश्यक मानव संसाधन की पर्याप्त नियुक्ति की जाए तथा सेकेंडरी और सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाओं का भी विस्तार किया जाए।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में लगातार बढ़ रही श्रमिकों की संख्या को देखते हुए अस्पताल का उन्नयन समय की आवश्यकता है। इससे न केवल बीमित कर्मचारियों को बेहतर उपचार मिलेगा, बल्कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए उन्हें अन्य अस्पतालों पर निर्भर भी नहीं रहना पड़ेगा।

.webp)