जबलपुर। पुलिसवाली पत्नी से परेशान होकर एक युवक ने जहर खा लिया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि जेल पुलिस में आरक्षक के पद पर पदस्थ उसकी पत्नी बार बार उसे वर्दी का रौब दिखाकर डराया करती थी। दोनों के बीच 5 साल पहले लवमैरिज हुई थी।
विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कृष्णा कॉलोनी घमापुर निवासी सुरजीत सिंह ने बताया कि 5 वर्ष पूर्व उसने जेल प्रहरी विनीता कैथवास से प्रेम विवाह किया था। शादी के एक साल बाद उनका एक बेटा भी हुआ जो अब 4 साल का हो चुका है। सुरजीत का कहना है कि वो प्राइवेट नौकरी करता है जिसको लेकर उसकी पत्नी ताने मारती थी। इसी बात को लेकर कुछ माह पूर्व वह बेटे को लेकर अलग मकान में जाकर रहने लगी। सुरजीत का कहना है कि उसने विनीता के सामने काफी मिन्नतें कीं लेकिन वो नहीं मानी और उसे धमकियां देने लगीं। जिसके कारण उसे जहर खाने पर मजबूर होना पड़ा। इस संबंध में घमापुर पुलिस का कहना है कि विक्टोरिया अस्पताल की सूचना पर मामले को जांच में लिया गया है।