भोपाल। राजधानी में एक कर्मचारी नेता की निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी गई। इंटक के युवा नेता की कटी पिटी लाश पटरी पर पड़ी हुई मिली। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि उसकी हत्या किसने की।
भोपाल पुलिस को बुधवार की सुबह खबर मिली की शहर के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन पर एक आदमी की लाश पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय कर्मचारी नेता पीजी सुनिश के रूप में हुई।
एसएचओ सूर्यकांत अवस्थी ने बताया कि केरल के रहने वाले पीजी सुनिश जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल में पुरूष नर्स के रूप में काम करते थे। वह एक कर्मचारी नेता भी थे। सुनिश जेएनसीएचआरसी की कर्मचारी यूनियन के सचिव थे। यह संगठन इंटक से सम्बद्ध है। वह अस्पताल के संबंध में आरटीआई एक्ट के तहत जानकारी हासिल करने में भी सक्रिय थे।
पुलिस के मताबिक मृतक सुनिश के शरीर पर चोटों के कई निशान हैं। जिससे प्रतीत हो रहा है कि हत्या के बाद उनकी लाश को यहां फेंका गया था।