जबलपुर। लोकल पॉलिटिक्स के चलते जबलपुर के संभागीय संगठन मंत्री चंद्रप्रकाश मिश्रा को हटा दिया गया है। मिश्रा अपना प्रभार नगर अध्यक्ष डॉ. विनोद मिश्रा को सौंप गए हैं परंतु मिश्रा का कहना है कि उनके पर प्रदेश संगठन महामंत्री अरविंद मेनन की ओर से कोई आदेश नहीं आया है।
केन्द्रीय स्तर तक शिकायत
भाजपा के कुछ स्थानीय नेताओं और चंद्रप्रकाश मिश्रा के बीच अनबन काफी समय से चल रही थी। विधानसभा चुनाव और नगरीय निकाय चुनावों के दौरान टिकट वितरण में भी नेताओं और इनको लेकर असंतोष था। इससे चंद्रप्रकाश मिश्रा को हटाने भाजपा के कुछ स्थानीय नेताओं ने केन्द्रीय नेताओं तक अपनी बात पहुंचाई और इन्हें हटाने पूरा जोर लगा दिया।
गुपचुप तरीके से हटाए गए
चंद्रप्रकाश मिश्रा को हटाने की किसी को खबर नहीं हुई। संगठन मंत्री के डिलाइट टाकीज स्थित संभागीय कार्यालय में नगर अध्यक्ष डॉ. विनोद मिश्रा गए वहां चंद्रप्रकाश मिश्रा ने उन्हें पूरा चार्ज सौंपा। इसके बारे में किसी को कुछ नहीं बताया गया।
परिवार होना, भी एक मुद्दा
चंद्रप्रकाश मिश्रा का विवाहित होना भी उन्हें पद से हटाये जाने का मुद्दा बन रहा है। सूत्रों के अनुसार भाजपा नेता आपस में चर्चा कर रहे हैं कि यह पद अविवाहित को ही दिया जाता है। पिछले दिनों मंडला, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर के संगठन मंत्रियों को भी हटाया गया वे भी विवाहित थे।