महाकाल: बैकडोर से एंट्री ले रहे अपर कलेक्टर और सिपाही के बीच विवाद

Updesh Awasthee
उज्जैन। महाकाल के मंदिर में बैकडोर से एंट्री ले रहे अपर कलेक्टर को सिक्योरिटी में तैनात एक सिपाही ने जमकर लताड़ डाला। गुस्साए अपर कलेक्टर पहले तो चुपचाप अंदर चले गए लेकिन एडीएम को साथ लेकर वापस लौटे और सिपाही में चांटा जड़ दिया। घटना रात करीब 10.30 बजे की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपर कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी 4 नंबर गेट से मंदिर में प्रवेश कर रहे थे। निर्गम द्वार होने के कारण दो पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका तो उन्होंने अपना रौब दिखा दिया। सिपाही ने भी बजाए सेल्यूट करने के उन्हें उल्टा लताड़ दिया। इस पर अपर कलेक्टर भड़क गए और जमकर कहासुनी हो गई। इसके बाद वे भीतर चले गए और एडीएम अवधेश शर्मा को साथ लेकर वापस लौटे। बताते हैं कि एडीएम के सामने भी आरक्षक भंवरलाल ने उन्हें बैंकडोर एंट्री के लिए फिर से लताड़ लगा दी। इस पर तैश में आए अपर कलेक्टर ने चांटा जड़ दिया। देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई। मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मामला शांत कराया। घटना की जानकारी तुरंत कलेक्टर कवींद्र कियावत को दी गई। उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए लेकिन एसपी ने इस मामले में कार्रवाई से इंकार कर दिया।

तहसीलदार ने भी तोड़ा था नियम
मंगलवार रात को पूजा से पूर्व तहसीलदार सुनील पाटिल का भी पुलिसकर्मियों से विवाद हुआ था। पाटिल कुछ लोगों को भीतर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इस पर पुलिसकर्मियों ने आपत्ति ली थी।

VIP एंट्री में भी हंगामा
मंदिर प्रशासन ने सैकड़ों लोगों को वीआईपी प्रवेश की पर्चियां बांट दी। इससे शाम को व्यवस्था गड़बड़ा गई और प्रवेश रोकना पड़ा। करीब 400 लोग पर्ची लेकर द्वार पर जमा थे। इस पर लोग भड़क गए और एसपी के सामने ही पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। काफी मशक्कत कर पुलिस ने लोगों को शांत किया। दिन में कई मर्तबा पुलिसकर्मियों को ढेरों लोगों को अनाधिकृत रूप से मंदिर में प्रवेश कराते हुए देखा गया।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!