भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की चाय पर करीब आधा घंटे तक चर्चा हुई। चर्चा है कि व्यापमं को लेकर जो कुछ भी हुआ, चौहान ने उसकी जानकारी शाह को दी। चर्चा के बीच में ही महासचिव कैलाश विजयवर्गीय विधायक महेंद्र यादव को शाह से मिलवाने पहुंचे। यादव तो शाह से मिले, लेकिन शाह और शिवराज के बीच चल रही बातचीत को देखकर कैलाश दूर ही खड़े रहे। विधायक विजयपाल सिंह और ओम प्रकाश सकलेचा ने भी शाह से भेंट की। तब भी विजयवर्गीय दूर ही रहे। समीक्षा बैठक के समापन के बाद शाह वीआईपी गेस्ट हाउस गए तो मुख्यमंत्री उनके साथ रहे।
निगेटिव हो गया कार्यकर्ता
शाह ने कहा कि देशभर में दौरे के बाद यह सामने आया है कि कार्यकर्ताओं में निगेटिविटी दिखाई दी। वह अवसाद आैर ईर्ष्या से भरा है। किसी को टिकट नहीं मिला तो टिकट चाहिए। विधायक बन गए तो मंत्री बनना है। मंत्री हैं तो अच्छा विभाग चाहिए। किसी को संसद तक जाना है। कोई संतुष्ट नहीं है। ऐसे संगठन कभी आगे नहीं बढ़ेगा। इस अवसाद को उखाड़ फैंकना होगा।