भोपाल। सामान्यत: होता यह है कि कार्यक्रमों में नेतागण कुछ देरी से ही पहुंचते हैं परंतु व्यापमं मामले पर घिरे शिवराज एक पुस्तक के विमोचन समारोह में निर्धारित समय से 15 मिनिट पहले ही पहुंच गए। दरवाजे पर संघ प्रमुख मोहन भागवत का इंतजार किया, स्वागत किया और एक बंद कमरे में ले गए। करीब 15 मिनट दोनों एक कमरे में बंद रहे। कक्ष में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन एवं मृदुला सिन्हा भी मौजूद थीं।
भागवत के साथ सीएम की इस मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इनके बीच संगठन के अलावा ताजा राजनीतिक हालातों पर भी विचार-विमर्श हुआ। बाद में इस मुलाकात को लेकर कयासों का दौर चलता रहा।
मीडिया से बचते रहे भागवत
आरएसएस के सर संघचालक मोहनराव भागवत शनिवार को दिन भर संघ मुख्यालय 'समिधा" में ही रहे। उन्होंने संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अलावा बीजेपी संगठन महामंत्री अरविंद मेनन को ही मुलाकात का समय दिया। मीडिया से उन्होंने पूरी तरह दूरी बनाकर रखी, शुक्रवार रात रेलवे स्टेशन और शनिवार को समन्वय भवन में भी उन्होंने पत्रकारों से बातचीत से इंकार कर दिया।

