भोपाल। बंगरसिया स्थित GURUKUL SHIKSHAN SANSTHAN के संचालकों पर एक महिला ने जालसाजी का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि स्कूल संचालकों ने पार्टनरशिपिंग के नाम पर उससे 30 लाख रुपए ले लिए और पार्टनर भी नहीं बनाया। मिसरोद पुलिस ने जांच के बाद धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक सहारा इस्टेट निवासी एम. हरिकृष्ण प्रसाद सीआरपीएफ की 58वीं बटालियन में हवलदार हैं। उनकी पोस्टिंग तेलंगाना में है। उसकी पत्नी एम. वैंकेटासुधा (40) ने 2009 में बंगरसिया में स्कूल शुरू किया था। इस बीच उनकी मुलाकात कोचिंग चलाने वाले बंगरसिया निवासी श्रवण कुमार मंडल आैर अमित श्रीवास्तव से हुई। श्रवण आैर अमित ने सुझाव दिया कि साथ में मिलकर बड़े स्तर पर स्कूल शुरू करते हैं। इसके लिए एक सोसायटी रजिस्टर्ड कराते हैं। सोसायटी रजिस्टर्ड कराने के नाम पर उन्होंने श्रीमती वैंकेटासुधा से बीस हजार रुपए लिए।
श्रवण आैर अमित ने अमर शांति एजुकेशन एंड सोशल वेलफेयर नाम की सोसायटी खरीद ली। इस सोसायटी में श्रीमती वैंकेटासुधा का नाम नहीं था। इसके बाद उन्होंने 2010 में गुरुकुल शिक्षण संस्थान के नाम से स्कूल का रजिस्ट्रेशन कराया। बंगरसिया में स्कूल शुरू किया। वर्तमान में स्कूल 10वीं कक्षा तक चल रहा है। उन्होंने धीरे-धीरे श्रीमती वैंकेटासुधा से 30 लाख रुपए वसूल कर लिए।
गुमराह करते रहे जालसाज
दोनों जालसाज उन्हें गुमराह करते रहे। जब श्रीमती वैंकेटासुधा को पता चला कि वे स्कूल में पार्टनर ही नहीं है तो उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी। रकम नहीं मिलने पर उन्होंने मिसरोद थाने में शिकायत की। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

