इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से 16 किमी दूर पिकनिक स्पॉट कजलीगढ़ में प्रेमी जोड़ों को निशाना बनाकर 2 साल में 45 लड़कियों का गैंगरेप करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ होने के चार दिन बाद शनिवार को गृहमंत्री बाबूलाल गौर शहर पहुंचे। मीडिया ने उनसे कजलीगढ़ में रेप की शिकार हुई महिलाओं और गिरोह के सरगना के कबूलनामे को लेकर सवाल किए तो उन्होंने उन युवतियों को ही कटघरे में खड़ा कर दिया। ज्यादती की तुलना चेन लूट से कर दी।
गृह मंत्री ने कहा- महिलाएं चेन लूट की शिकायत करने थाने आ सकती हैं तो कजलीगढ़ की ज्यादती की शिकायत भी करें, तो पुलिस कार्रवाई करेगी। मंत्री से मीडियाकर्मियों ने जब यह कहा कि भारतीय समाज में महिलाएं और उनके परिवार आज भी ऐसे मुद्दे पर खुलकर सामने नहीं आते हैं तो क्या पुलिस और सरकार की जिम्मेदारी नहीं होना चाहिए कि वह खुद संवेदनशीलता बरते और सख्त कदम उठाए? इस पर मंत्री बोले- मैंने अपना उत्तर दे दिया है।
पीकर बहकना नहीं चाहिए
देर रात तक खुली रहने वाली शराब दुकानों से होने वाले अपराधों पर गृह मंत्री बोले-शराब पीना गलत नहीं है, पीकर बहकना गलत है। जब उन्हें बताया गया कि पुलिस द्वारा पकड़े गए 90 प्रतिशत अपराधी नशे में ही वारदात करने की बात स्वीकारते हैं। ऐसे में शराब दुकानों का समय बढ़ाना कितना उचित है तो गौर के सुर फिर बदले, कहा- ये मेरे विभाग का मामला नहीं है। इसलिए कुछ नहीं कहूंगा।

