इंदौर। पढ़ाई की 11वीं तक और बन गए डॉक्टर। यही नहीं, इसी योग्यता पर नर्सिंग होम खोलकर मरीजों का इलाज भी शुरू कर दिया। सांवेर में गुरुवार को एसडीएम अनिल बनवारिया ने छापामार कार्रवाई की तो ये हकीकत सामने आई। एक मेडिकल स्टोर्स पर तो एक्सपायरी डेट की दवाएं बिक रही थीं।
कार्रवाई के दौरान पाया गया कि नर्सिंग होम में एक टीन शेड में गर्मी के बीच महिलाओं को सलाइन लगाई जा रही थी। जब डॉक्टरों के सर्टिफिकेट जांचे तो पता चला कि डॉक्टर सुधांशु विश्वास 11वीं पास हैं। इसी तरह अन्य जगह इलाज कर रहे उत्पल विश्वास 11वीं और सुकांत सरकार 12वीं पास निकले। एसडीएम ने तीनों को जेल भेजने के आदेश दिए।
मेडिकल जांचे तो मिली गड़बड़ी
एसडीएम व ड्रग इंस्पेक्टर अजय ठाकुर की टीम ने खुशी मेडिकल स्टोर्स की जांच की तो पता चला कि एक्सपायरी व नॉट फार सेल की दवाएं भी बेचने के लिए रखी हैं। स्टोर का लाइसेंस नारायणसिंह परिहार के नाम का था और संचालन बीकॉम पास कैलाश चौहान कर रहे थे। एसडीएम ने दवाएं जब्त कर अगली कार्रवाई तक दुकान के संचालन पर रोक लगा दी है।

