ग्वालियर। तेजाब फेंकने की घटना के 35 घंटे बाद वकील सविता श्रीवास्तव रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए इंदरगंज थाने पहुंचीं। पीड़िता का कहना है कि उनके ऊपर तेजाब बुधवार को गुरुद्वारा पुल के पास बाइक पर आए युवकों द्वारा फेंका गया था। उन्होंने संदेह जताया कि तेजाब उनके पड़ोसी द्वारा फेंका गया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
साकेत नगर में अमरकंटक अपार्टमेंट में रहने वालीं सविता पत्नी अनिल खरे गुरुवार को दोपहर 3.30 बजे के आसपास इंदरगंज थाने पहुंचीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार की दोपहर वह पौने 12 बजे के लगभग स्कूटर से जिला सत्र न्यायालय आ रही थीं। इसी दौरान गुरुद्वारे पुल के पास बाइक से पीछे से आए दो युवकों ने उनके चेहरे पर एक सीसी फेंककर मारी, लेकिन सीसी हेलमेट से टकराकर सड़क पर जा गिरी। जिस समय उनके ऊपर ज्वलनशील पदार्थ फेंका गया था,उस समय वह सिर हेलमेट लगाए और मुंह पर चुनरी बांधे थीं। इसके साथ ही उन्होंने आंखों पर चश्मा पहना हुआ था।
पड़ोसी पर लगाया आरोप
- सविता श्रीवास्तव का आरोप है कि 5 माह पहले उनके फ्लैट के ठीक ऊपर रहने वाले पायल के परिवार ने उन्हें तेजाब फेंकने की धमकी दी थी। उन्हें संदेह है कि उसी के परिवार के सोनू और मोहित ने उनके ऊपर ज्वलनशील पदार्थ फेंका है। घटना के समय दोनों युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे।
दाहिनी आंख से नहीं दिख रहा
सविता श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें दाहिनी आंख से धुंधला दिख रहा है लेकिन ज्वलनशील पदार्थ के गिरने से चेहरे पर जलने का कोई निशान नहीं है। घटना की सूचना 35 घंटे विलंब से देने के संबंध में पीड़िता का कहना था कि पति अनिल खरे छतरपुर में बैंक में नौकरी करते हैं। घर में अकेली होने के कारण वह डर गई थीं। इसलिए पति के बुधवार की रात को घर लौटने के बाद उन्होंने गुरुवार की दोपहर घटना की शिकायत इंदरगंज थाने में की।
महिला वकील सविता श्रीवास्तव ने बुधवार को ज्वलनशील पदार्थ फैंके जाने का आवेदन दिया गया है। 2 युवकों पर संदेह भी जताया है। महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। घटना की वास्तविकता का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
राघवेंद्र सिंह तोमर
टीआई इंदरगंज

