भिंड। विधानसभा के भीतर एन अविश्वास प्रस्ताव के वक्त अपनी कांग्रेस को दगा देने वाले चौधरी राकेश सिंह मंहगांव से अपने भाई मुकेश सिंह को उतारने की तैयारी कर रहे हैं। चौधरी को भरोसा है कि बीजेपी उनके कहने पर मुकेश को टिकिट दे देगी।
चतुर्वेदी ने जिले की अटेर विधानसभा क्षेत्र के पिपरी गांव में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि पार्टी ने मौका दिया तो वे इस बार मेहगांव विधानसभा क्षेत्र से अपने अनुज चौधरी मुकेश सिंह को मैदान में उतारेंगे तथा उन्होंने जनता से आव्हान किया कि वे उनका साथ दें।
उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी तो वे मेहगांव में रानी अवंतीबाई के नाम से पॉलीटेक्निक कालेज खुलवाएंगे। उन्होंने कहा कि मैंने कांग्रेस के ताबूत में अंतिम कील ठोक दी है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस वेंटीलेटर पर पहुंच गई है। दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री बनते ही जनता से राजा और प्रजा का रिश्ता बनाया जबकि शिवराज सिंह ने मामा का रिश्ता बनाया और उसे बखूबी निभाया भी। शिवराज सिंह ने गरीबी देखी है जबकि दिग्विजय सिंह ने किले से झांककर गरीबों को देखा है।
उन्होंने कहा कि अजय सिंह मंत्री भाग्य से बने तथा नेता प्रतिपक्ष पर उनकी अनुकंपा नियुक्ति हुई है। अब उनका ये अंतिम पद है। चतुर्वेदी ने कहा कि गरीबों का दर्द वही महसूस कर सकता है जिसने गरीबी देखी हो और गरीब के घर जन्म लिया हो। कांग्रेस अब आमजन की पार्टी नहीं है वह तो राजा महाराजाओं के कब्जे में है। उन्होने कहा कि जो लोग राजा महाराजाओं का साथ देंगे वह अपने पुत्रों का अपमान करेंगे।