भोपाल। प्रदेश में स्वाईन फ्लू ने एक बार फिर दस्तक दे दी है। राजधानी में अब तक इसके तीन मरीज मिले है, इनमें से कल एक मरीज का सेंपल जबलपुर की आरएमआरसीटीसी की लैब में पॉजीटिव पाया गया है।
इसके साथ ही आज अन्य दो संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। स्वाईन फ्लू के मरीज मिलने की खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों में सतर्कता बढ़ा दी है। राजधानी में शनिवार को स्वाईन फ्लू के दो संदिग्ध मरीज मिले हैं। इनमें से एक मरीज को निजी और एक शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों मरीजों के सेंपल जांच के लिए जबलपुर भेजे जा चुके हैं।
महकमे को जांच रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं शुक्रवार को जिस मरीज की रिपोर्ट स्वाईन फ्लू पॉजीटिव आई है, उसकी हालत स्थिर है। इधर, स्वाईन फ्लू मरीजों की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने सभी निजी और शासकीय अस्पतालों सतर्कता बरतने के निर्देश जारी कर दिये है। सभी अस्पतालों को फ्लू ओपीडी चलाने के लिए कहा गया है।
अस्पतालों से कहा गया है कि वे अपने यहां स्वाईन फ्लू मरीजों के लिए अलग से आइसोलेशन वार्ड बनाएं। उल्लेखनीय है कि पिछले साल स्वाईन फ्लू से शहर में 10 लोगों की मृत्यु हो गई थी, जबकि 90 लोगों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इस बार जैसे ही मानसून सक्रिय हुआ, चिकित्सकों द्वारा स्वाईन फ्लू के फैलने की आशंका जताई गई। चिकित्सकों का कहना है कि अगस्त-सितंबर माह में मानसून सीजन में स्वाईन फ्लू तेजी से फैलता है। ठंड तक इसका प्रकोप बना रहता है। यह मौसम इस बीमारी के लिए काफी खतरनाक होता है।
स्वाईन फ्लू से बचने के उपाय
स्वाईन फ्लू से बचने के लिए बारिश के पानी में नहीं भीगना, अधिक देर तक गीले कपड़े न पहने रखना, बाजार की खुली खाद्य सामग्री का सेवन न करने जैसी बातों पर ध्यान देना चाहिए और यदि हल्का बुखार व उल्टी आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर सही समय पर जाना चाहिए।