भोपाल। मध्य प्रदेश में बारिश से जहां मौसम सुहाना हो गया है वहीं नदी, नालों के उफान पर आने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने एक बार फिर कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
राज्य में जुलाई माह में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। नदियों के साथ विभिन्न बांधों का जलस्तर बढ़ने पर पानी निकासी के लिए इनके द्वार खोले गए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान भोपाल में 14.8 मिली मीटर, इंदौर में 10.5 मिली मीटर, ग्वालियर में 27.5 और जबलपुर में 33.6 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई।
बीते 24 घंटों में राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 27.9 व न्यूनतम 23.1 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का अधिकतम 28.1 व न्यूनतम 21.12 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का अधिकतम 35.2 व न्यूनतम 26.2 डिग्री और जबलपुर का अधिकतम तापमान 29.6 व न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।