राजगढ। एक दरिंदा की करतूत तो देखिए दुष्कर्म के मामले में जेल की हवा खाने के बाद भी नहीं सुधरा और फिर से दरिंदगी की वारदात को अंजाम दे डाला। दुष्कर्मी ने अब 5 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म कर इंसानियत को ही शर्मसार कर दिया है।
यह मामला मध्यप्रदेश के राजगढ जिले का है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात एक मंदिर में एक धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन चल रहा था। इसी बीच वहां से पांच वर्षीय मासूम अचानक गायब हो गई।
बच्ची के नहीं दिखने पर जब घरवालों ने देर रात तक बच्ची की तलाश जारी रखी तो एक अस्पताल के पास बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो तब तक आरोपी दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे चुका था। परिजनों ने लोगों की मदद से आरोपी को पकड लिया और उसकी जमकर धुनाई की। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, साथी आरोपी मौका पाकर भागने में कामयाब हो गया।
पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, दूसरा आरोपी फरार है। पुलिस आरोपी की पकड के लिए दबिश दे रही है। वहीं, मेडीकल जांच में भी दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी राजस्थान के कोटा शहर में पहले भी दुष्कर्म के आरोप में सजा काट चुका है और कुछ दिनों पहले ही जेल से छुटकर आया था।