भोपाल। सागर के ग्रामीण इलाकों में चल रहे जलसंकट के माध्यम से सरकार को घेरने और जनता को शिवराज के खिलाफ भड़काने के लिए सागर गए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया धरना स्थल पर गए, भाषण दिया और खिसक लिए, जबकि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को पुलिस की लाठियां खानी पड़ीं।
सागर के पीली कोठी मैदान में कांग्रेस ने विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया था। इस आयोजन को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने संबोधित किया परंतु अपना अपना भाषण खत्म होते ही दोनों खिसक लिए।
इधर तय कार्यक्रम के अनुसार भाषणों के बाद प्रदर्शनकारी कलेक्टोरेट की ओर आगे बढ़े। विधायक गोविंद सिंह राजपूत एवं ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत के नेतृत्व में कलेक्टोरेट का घेराव करने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने प्रवेश द्वार पर ही बेरीकेड्स लगाकर रोकने की कोशिश की। कांग्रेस ने अंदर जाने की कोशिश की तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े व लाठियां भांजकर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। पुलिस से हुज्जत और लाठीचार्ज में कुछ कांग्रेसियों को चोट लगी है।
इस हंगामे के बाद सागर में शिवराज सरकार के खिलाफ माहौल बना हो या ना बना हो लेकिन भूरिया और पचौरी सहित कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्यकर्ताओं में ही माहौल तैयार हो गया है। अब ऐसे डरपोक नेता हों तो कैसे कांग्रेस मध्यप्रदेश में सरकार बनाएगी।