भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भी पेयजल के लिए जानलेवा संघर्ष चल रहा है। यहां टीला जमालपुरा थाना अंतर्गत पानी भरने के विवाद में एक युवक की मौत हो गयी। वहीं इस झगड़े में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और घायलों को हमीदिया में भर्ती कराया गया है।
टीला जमालपुरा राजू पंथी अपने परिवार के साथ निवास करते हैं। देर रात उनका बेटा दीपक दरवाजे पर खड़ा हुआ था कि उसी समय पानी भरने को लेकर उनके और पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। इसमें तकरीबन आधा दर्जन लोगों ने उनके परिवार पर हमला बोल दिया। पड़ोसी गब्बर और देवी सहित पांच लोगों ने दीपक, रितिक, शकुन और सोनम पर चाकू, डंडों और रॉड से हमला बोल दिया।
इस घटना में चाकू लगने से 15 वर्षीय दीपक पंथी, रितिक, शकुन और सोनम गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान दीपक की मौत हो गयी। जबकि अन्य की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर दो को हिरासत में लिया है।
इस घटना के बाद परिजनों के आक्रोश को देखते हुए हमीदिया अस्पताल परिसर में भारी मात्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं घायलों के उपचार में अस्पताल के डॉक्टर पूरी तत्परता के साथ लगे हुए है।
20 को होनी है शकुन की शादी : मृतक की बहन शकुन भी इस घटना में बुरी तरह घायल हो गयी। चाकुओं के बार से उसका पेट कट गया है। बताया जाता है कि शकुन की शादी 20 मई को होने वाली है। पानी को लेकर हुए झगड़े में भाई की मौत के बाद गंभीर रूप से घायल शकुन भी जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रही है।