भोपाल। जहां एक ओर मध्यप्रदेश विख्यात हो रहा है वहीं दूसरी ओर कुख्यात भी कम नहीं हो रहा। यदि कृषि क्षेत्र में हमने रिकार्ड स्थापित किया तो गैंगरेप में भी पीछे नहीं रहे। अब नया मामला युवतियों के एक चोर गिरोह का है। मध्यप्रदेश की युवतियों का यह चोर गिरोह, उत्तरप्रदेश के बरेली शहर में टारगेट कर रहा है। हालात यह है कि यूपी पुलिस इन युवतियों के गिरोह से खासी परेशानी हो गई है।
उत्तरप्रदेश के बरेली से आ रही एक रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश की चोरनियों ने बरेली शहर का हिला कर रख दिया है। चोरनियों का यह गिरोह शहर में होटल में घुसकर ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम दे रहा है। गिरोह में शामिल 10 से 15 साल की लड़कियां चोरी करने में इतनी ट्रेंड हैं कि अच्छे-अच्छों को पलक झपकते ही लाखों का चूना लगा जाती हैं। तमाम वारदातों के बाद भी पुलिस इन लड़कियों तक नहीं पहुंच सका है।
मध्य प्रदेश की लड़कियों का यह गिरोह करीब एक साल से बरेली में वारदातों को अंजाम दे रहा है। चूंकि लड़कियों की उम्र 10 से 15 साल की है इसलिए यह होटलों के अंदर डीजे पर थिरक रहे बच्चों में घुल मिल जाती है। अच्छे कपड़े पहनी होती है इसलिए किसी को अंदेशा तक नहीं रहता कि यह लड़कियां चोरनी हो सकती है।
ये लड़कियां खामोशी से अपने शिकार को निगाह में ले लेती हैं। होटल में अंदर घुसने के बाद पहले ये लड़कियां यह पता करती है कि दूल्हा या दुल्हन के सगे रिश्तेदार कौन हैं? फिर इनमें से उसको तलाशा जाता है जिसके पास जेवर या फिर लिफाफे वाला बैग होता है। इसके बाद किसी न किसी तरह यह लड़कियां पलक झपकते ही बैग चोरी कर होटल से फरार हो जाती हैं।
पुलिस जब इस गिरोह को पकड़ने में जुटी तब पता चला कि गिरोह मध्य प्रदेश का है। गिरोह में एक-दो महिला सरगना भी है जो इन लड़कियों से वारदात को करवा रही हैं। पुलिस ने मध्य प्रदेश में इन लड़कियों के पते तक तलाश किए लेकिन वहां यह लड़कियां मिली नहीं। पुलिस के पास इनमें से कुछ लड़कियों के फोटो भी है। सीताकिरण होटल में वारदात के बाद जब पुलिस ने अपनी फाइल दिखाई तब चोरनी की पहचान हो गयी। तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कहां से आई सोंठ
सीताकिरण में वारदात के लिए लड़कियों ने सोंठ का सहारा लिया। उन्होंने लड़के की मां की साड़ी पर सोंठ डाल दी। जब महिला सोंठ को धोने कमरे में गयी तभी बैग चोरी हो गया। मुकदमा दर्ज कराने वाले विकास अग्रवाल ने बताया कि इस वारदात में होटल का कोई न कोई कर्मचारी मिला हुआ है। विकास का कहना है जिस समय घटना हुई उस समय खाना शुरू ही नहीं हुआ था फिर सोंठ कहां से आयी। सोंठ भी वहीं थी जो होटल में बनी थी।
- वारदातें--
- 13 नवंबर- पीलीभीत बाइपास में शिव लाज में करीब तीन लाख के जेवर चोरी
- 19 नवंबर- फहाल लॉन से 50 हजार की चोरी
- 23 नवंबर- होटल डी ग्रांड से करीब दस लाख के जेवर चोरी