बरखा आर. नाग, बालाघाट/ यहां के पूर्व विधायक उमाशंकर मुंजारे के खिलाफ तहसीलदार को जान से मारने की धमकी देने, मारपीट, गालीगलौच और जातिवाचक शब्द कहने के आरोप में मामला दर्ज होने के पश्चात मुंजारे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मुंजारे ने गुरूवार को अदालत में जमानत की अर्जी लगाई थी, जो खारिज हो गई है।
बालाघाट के तहसीलदार जीसी डेहरिया ने बुधवार को पूर्व विधायक उमाशंकर मुंजारे एवं उनके वकील हरीशचंद श्रीवास्तव पर जान से मारने की धमकी देने, गालीगलौच करने आदि के आरोप लगाए थे। पुलिस ने तहसीलदार की रिपोर्ट के आधार पर उनके खिलाफ भादवि की धारा 109, 186, 294, 506, 353 एट्रोसिटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज करने के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
अदालत से आज वकील हरीशचंद श्रीवास्तव की जमानत हो गई है, जबकि मुंजारे की जमानत अर्जी खारिज हो गई है। ज्ञात रहे कि पूर्व विधायक उमाशंकर मुंजारे का अपने भाई कंकर मुंजारे के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उसी मामले में मुंजारे ने तहसीलदार पर मामले में देरी का आरोप लगाया था, जिस पर दोनों में बहस के बाद विवाद हो गया था। विवाद के बाद तहसीलदार डेहरिया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।