भोपाल के अन्ना नगर में बिजली कटौती पर भड़के सारंग, अधिकारियों की क्लास ले डाली

Updesh Awasthee
भोपाल, 24 अक्टूबर 2026
: भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड की जमीन पर बसे अन्ना नगर जिसे कुछ लोग अन्ना बस्ती और कुछ लोग अवैध बस्ती भी कहते हैं, में बिजली कटौती के बाद जब लोगों ने चक्का जाम किया तो स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्री विश्वास सारंग भड़क उठे। उन्होंने आज भेल प्रबंधन, बिजली विभाग, जिला प्रशासन, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की मीटिंग बुलाई और स्पष्ट निर्देश दिए कि अन्ना नगर में कोई प्रॉब्लम नहीं होनी चाहिए। पॉलिटिक्स की समझ रखने वाले लोग कहते हैं कि, यह क्षेत्र विश्वास सारंग का पक्का वोट बैंक है। 
शासन की ओर से प्रेस को दी गई आधिकारिक जानकारी में बताया गया है कि, मंत्री श्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्ना नगर सहित भेल क्षेत्र की झुग्गी बस्तियों में बिजली आपूर्ति तत्काल सुचारु की जाए, ताकि रहवासियों को बिजली कटौती के कारण होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में बिजली की समस्या का समाधान केवल तात्कालिक व्यवस्था तक सीमित न रहे, बल्कि इसके लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

4-5 माह में विकसित होगा बिजली का स्थायी ढांचा

मंत्री श्री सारंग ने बताया की आगामी 4 से 5 महीनों में मध्यप्रदेश बिजली विभाग के माध्यम से भेल क्षेत्र की झुग्गी बस्तियों में आवश्यक विद्युत अधोसंरचना विकसित की जाएगी। इसके अंतर्गत बिजली वितरण से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे सब–स्टेशन स्थापित कर रहवासियों को स्थायी विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
मंत्री श्री सारंग ने बताया कि इस व्यवस्था से क्षेत्र के निवासियों को नियमित बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने और लंबे समय से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जाएगा।

भेल और एमपीईबी मिलकर करेंगे कार्ययोजना पर अमल

मंत्री श्री सारंग ने बताया कि बिजली की समस्या के स्थायी निराकरण के लिए भेल प्रबंधन और मध्यप्रदेश बिजली विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। एडीएम और एसडीएम सहित संबंधित अधिकारी भेल एवं बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर आवश्यक प्रक्रियाओं का निराकरण करेंगे, ताकि बिजली की अधोसंरचना विकसित करने और स्थायी कनेक्शन उपलब्ध कराने में आने वाली बाधाओं को दूर किया जा सके। मंत्री श्री सारंग ने बताया की सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करेंगे कि क्षेत्र के रहवासियों को व्यवस्थित तरीके से बिजली की सुविधा मिल सके और भविष्य में बार-बार बिजली की समस्या उत्पन्न न हो।

अन्ना नगर सहित झुग्गी बस्तियों के रहवासियों को मिलेगी राहत

गौरतलब है कि हाल ही में बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण अन्ना नगर सहित भेल क्षेत्र के अन्य इलाकों के रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। मंत्री श्री सारंग ने भेल प्रबंधन, बिजली विभाग, जिला प्रशासन, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को बैठक लेकर समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।

बैठक में भेल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री प्रदीप उपाध्याय सहित जिला प्रशासन, बिजली विभाग, राजस्व एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा भेल क्षेत्र के रहवासियों का प्रतिनिधिमंडल उपस्थित रहा। इनपुट: दुर्गेश रायकवार, एडिटर: ललित मुद्गल।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!