भोपाल, 23 अक्टूबर 2026: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर घटिया इंजीनियरिंग के कारण एक और एक्सीडेंट हो गया। गांधीनगर स्थित एयरपोर्ट रोड पर एक ट्राला सीमेंट की साइड वॉल तोड़ता हुआ करीब 20 फीट नीचे गिर गया। घटना के समय रोड पर कोई ट्रैफिक डिस्टरबेंस नहीं था। बस इतना था कि ड्राइवर को मालूम नहीं था कि रोड बनाने वाले इंजीनियर ने ट्राला टर्न करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं छोड़ी है। ट्राला वालों को यहां पर स्पीड स्लो करके सतर्कतापूर्वक ट्राला मोड़ना पड़ता है। अब इंजीनियर की गलती को, ड्राइवर की गलती बताया जा रहा है, जबकि एक्सीडेंट में केवल ड्राइवर ही घायल हुआ है।
सर्विस रोड पर ट्रैफिक होता तो मौत पक्की थी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्राला बायपास की ओर जा रहा था। ब्रिज से उतरते समय साइड वॉल से टकरा गया। सीमेंट की मोटी दीवार से टकराने के बाद ट्राले का चेचिस 20 फीट नीचे सर्विस लेन पर गिर गया। वहीं, बॉडी ब्रिज पर ही रह गई। नीचे गिरने से ट्राले का चेचिस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें बैठे ड्राइवर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उसे गंभीर चोट आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब यह हादसा हुआ, तब नीचे से कोई नहीं गुजर रहा था। यदि नीचे कोई राहगीर होता, तो उसकी जान भी जा सकती थी। गांधीनगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के जांच करेगी
सवाल यह है कि इस घटना में पुलिस क्या जांच करेगी। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत गाड़ी सही थी या नहीं, कोई टेक्निकल गड़बड़ी तो नहीं थी। ड्राइवर सतर्कता पूर्वक गाड़ी चला रहा था या फिर लापरवाही पूर्वक। लेकिन इस मामले में जांच किए की जानी चाहिए कि रोड पर मोड़ सही बना है या नहीं। यदि इंजीनियरिंग की गलती को ठीक नहीं किया जाएगा तो भविष्य में भी इस प्रकार के एक्सीडेंट होते रहेंगे। इस मामले में कोई भी निष्कर्ष निकालने से पहले यह समझना जरूरी है कि कोई भी ड्राइवर, इतना लापरवाह नहीं होता कि अपनी ही जान खतरे में डाल दे।


