ग्वालियर, 27 अक्टूबर 2026: पद्मा विद्यालय परिसर में 40 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे सांदीपनि स्कूल की छत 26 अक्टूबर को ढह गई थी। मामले में मध्य प्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम ने सहायक यंत्री (AE) राजदीप सिंह जादौन और उपयंत्री (JE) सतेन्द्र पांडेय को निलंबित कर दिया है। वहीं, परियोजना यंत्री एवं कार्यपालन यंत्री (EE) मनोज आचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
छत की ढलाई के दौरान हुआ हादसा
यह कार्रवाई भोपाल से आई जांच टीम के निरीक्षण और प्रारंभिक जांच में सामने आई लापरवाही के आधार पर की गई है। निगम के प्रबंध संचालक अनंत कुमार सिंह ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निर्माणाधीन भवन की दूसरी मंजिल पर छत की ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया। हादसे में चार मजदूर घायल हो गए थे। प्राथमिक तौर पर यह सेटिंग की गलत सेटिंग का मामला है। सभी घायलों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया था। घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता, निगरानी और श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे।
जांच टीम ने किया निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए भोपाल से जांच टीम ग्वालियर पहुंची थी। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में संबंधित अधिकारियों की उदासीनता सामने आने की बात कही गई है। इसके बाद सहायक यंत्री और उपयंत्री को निलंबित किया गया। परियोजना यंत्री एवं कार्यपालन यंत्री मनोज आचार्य को जारी कारण बताओ नोटिस के जरिए उनकी भूमिका और जिम्मेदारी को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
तकनीकी जांच के निष्कर्ष बाकी
निर्माण में तकनीकी खामी और हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर विस्तृत जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

