स्टूडेंट्स के लिए रोचक खबर: सूर्य का वायुमंडल फिजिक्स के रूल्स तोड़ रहा है, भारतीय वैज्ञानिकों की खोज

Updesh Awasthee
ज्ञान विज्ञान न्यूज डेस्क, 30 जुलाई 2026:
सामान्य तौर पर अंतरिक्ष का अध्ययन अमेरिका के वैज्ञानिक करते हैं लेकिन इस बार भारतीय वैज्ञानिकों ने सूर्य के बारे में एक ऐसी जानकारी खोज निकाली है, जो दुनिया भर के वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों के लिए बेहद रोचक एवं महत्वपूर्ण भी है। भारतीय वैज्ञानिकों ने पाया है कि सूर्य का वायुमंडल, फिजिक्स के रूल्स तोड़ रहा है:- 

क्या हुआ है? (खोज क्या है?)

विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के अधीन एक स्वायत्त संस्थान - आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान अनुसंधान संस्थान (ARIES), उदयपुर सौर वेधशाला (USO), भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला (PRL) और अहमदनगर कॉलेज के शोधकर्ताओं द्वारा किए गए एक नए अध्ययन में पाया गया कि सूर्य का ऊपरी वायुमंडल उसकी दिखाई देने वाली सतह की तुलना में बहुत अधिक तेज़ गति से घूमता है। आमतौर पर जब हम किसी घूमती हुई चीज़ से दूर जाते हैं, तो उसके वायुमंडल की गति धीमी होनी चाहिए, लेकिन सूर्य के मामले में उल्टा हो रहा है। जैसे-जैसे हम सतह से ऊपर जाते हैं, वायुमंडल के घूमने की गति और बढ़ती जाती है। 

भौतिकी के नियमों को चुनौती: 

यह खोज 'क्लासिकल फिजिक्स' के पुराने नियमों को चुनौती देती है। इसे एक 'आइस स्केटर' के उदाहरण से समझें: जब एक स्केटर घूमते समय अपने हाथ फैलाता है, तो उसकी गति धीमी हो जाती है। लेकिन सूर्य का वायुमंडल बाहर की ओर फैला होने के बावजूद तेज़ घूम रहा है।
सौर धब्बों का असर: शोध में यह भी पता चला कि जब सूर्य पर 'सनस्पॉट' (सौर धब्बे) बढ़ते हैं, तो इस घूमने की गति में थोड़ी कमी आ जाती है। 

यह खोज कैसे की गई?

चूंकि सूर्य गैस का बना है और उसकी सतह ठोस नहीं है, इसलिए उसकी गति नापना कठिन है। वैज्ञानिकों ने "2D इमेज-कोरिलेशन विधि" का उपयोग किया, जिसमें अलग-अलग दिनों की सूर्य की तस्वीरों की तुलना करके यह देखा गया कि वे अपनी जगह से कितनी खिसकी हैं। 

इसके कारण क्या फायदा होगा?

यह खोज केवल कागजों तक सीमित नहीं है, इसके हमारे जीवन पर कई महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ेंगे:
इस खोज से वैज्ञानिकों को अंतरिक्ष के मौसम (Space Weather) को बेहतर तरीके से समझने और उसका सटीक मॉडल बनाने में मदद मिलेगी।
अंतरिक्ष का मौसम पृथ्वी पर मौजूद हमारे उपग्रहों (Satellites), संचार प्रणालियों (Mobile & Internet), जीपीएस (Navigation) और बिजली ग्रिड को प्रभावित कर सकता है। इस नई जानकारी से हम इन प्रणालियों को खराब होने से बचाने के लिए बेहतर तैयारी कर पाएंगे।
सूर्य पर होने वाली हलचलों और सौर तूफानों का पूर्वानुमान लगाना अब पहले से आसान और सटीक हो जाएगा।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!