भोपाल, 24 जुलाई 2026: मध्य प्रदेश शासन, स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने डिपार्टमेंट को ऑनलाइन तो कर दिया है लेकिन कर्मचारियों को इसका प्रशिक्षण नहीं दिया। नतीजा कर्मचारियों को रिश्वतखोरी और शोषण का शिकार होना पड़ रहा है। पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हुई एक FIR के अनुसार भोपाल में एक सहायक शिक्षक ने ऑनलाइन आईडी पासवर्ड क्रिएट करने के बदले महिला अतिथि शिक्षक का रेप किया।
आईडी पासवर्ड क्रिएट करने के बदले फिजिकल रिलेशन बनाए
पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला, भोपाल के एक सरकारी स्कूल में अतिथि शिक्षक के पद पर कार्यरत है। उसी विद्यालय में पदस्थ सहायक शिक्षक कर्मचारियों की शासकीय आईडी और पासवर्ड बनाने का कार्य भी देखता था। महिला ने अपनी आईडी बनवाने के लिए कई बार उससे संपर्क किया, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा। जब महिला शिक्षक पूरी तरह से प्रेशर में आ गई और उसको विश्वास हो गया की आईडी पासवर्ड के बिना उसकी नौकरी खतरे में है तब, करीब छह महीने पहले उसने जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का हवाला देकर महिला को अपने फ्लैट पर बुलाया, जहां पहली बार उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
सहायक शिक्षक की पत्नी घर छोड़कर चली गई, फिर भी नहीं माना
पीड़ित अतिथि शिक्षक महिला का कहना है कि, पहली घटना के बाद सहायक शिक्षक ने उसे बदनाम करने की धमकी दी। इसी डर का फायदा उठाकर वह लगातार उसके साथ शारीरिक शोषण करता रहा। मानसिक दबाव और प्रताड़ना के कारण वह लंबे समय तक शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपित की पत्नी को उसके संबंधों की जानकारी हो गई थी। इसके बाद वह घर छोड़कर अपने मायके चली गई। इस घटनाक्रम के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर बिलखिरिया थाने पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सहायक शिक्षक के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

.webp)