Pizza Hut के पास्ता से होंठ एवं गाल पर सूजन आ गई, शिकायत की जांच शुरू, सैंपल कलेक्ट

Updesh Awasthee
भोपाल: 20 जुलाई 2026
: कलेक्टर भोपाल श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शहर के प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए। इनमें बाग सेवनिया होशंगाबाद रोड स्थित पिज़्ज़ा हट प्रमुख है।

Pizza Hut Pasta Complaint: Probe Begins After Customer Reports Swollen Lips and Cheeks

सीएम हेल्पलाइन शिकायत क्रमांक 38770596 के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई कि पिज़्ज़ा हट (The Sapphire Foods Private Limited), होशंगाबाद रोड, बाग सेवनिया, भोपाल से स्विगी के माध्यम से मंगाए गए पास्ता का सेवन करने के उपरांत एक बालक के होंठ एवं गाल पर सूजन आ गई। शिकायत के परीक्षण हेतु खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पास्ता तथा उसके निर्माण में प्रयुक्त व्हाइट बेस, चीज़ एवं चीज़ स्प्रेड के नमूने विधिवत लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजे गए। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठान को आवश्यक नोटिस जारी कर वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ की गई है।

लिए गए खाद्य नमूनों का परीक्षण राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में कराया जाएगा। परीक्षण प्रतिवेदन प्राप्त होने पर यदि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उक्त कार्रवाई संयुक्त दल द्वारा संपादित की गई, जिसमें श्री शिवराज पावक, श्री पंकज श्रीवास्तव, श्री अरुणेश कुमार पटेल एवं श्रीमती साधना सक्सेना, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता, स्वच्छता अथवा सुरक्षा के संबंध में कोई शिकायत हो तो उसकी सूचना तत्काल सीएम हेल्पलाइन, एफएसएसएआई फूड सेफ्टी कनेक्ट पोर्टल अथवा स्थानीय खाद्य सुरक्षा कार्यालय को दें, ताकि समयबद्ध जांच एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
 रिपोर्ट: विजय/अरुण शर्मा (क्रमांक/699/090) संभागीय जनसंपर्क कार्यालय भोपाल।
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!