भोपाल, 20 जुलाई 2026: कलेक्टर भोपाल श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में फ़ूड डिपार्टमेंट की टीम ने, आनंदम रेस्टोरेंट के खिलाफ मिली शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, शिकायत की जांच शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया के पहले चरण में फ़ूड डिपार्टमेंट की टीम ने रेस्टोरेंट के किचन में जाकर सैंपल कलेक्ट किए।
Anandam Restaurant, Lalghati Under Food Safety Scanner After Lassi Complaint
कलेक्टर कार्यालय की ओर से बताया गया है कि, आनंदम रेस्टोरेंट, लालघाटी चौराहा, भोपाल के संबंध में लस्सी में कीड़ा पाए जाने की शिकायत प्राप्त हुई। शिकायत के आधार पर प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया तथा लस्सी, दही, सोया चाप, पनीर एवं बेसन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए। संबंधित प्रतिष्ठान को भी आवश्यक नोटिस जारी किया गया है।
लिए गए खाद्य नमूनों का परीक्षण राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में कराया जाएगा। परीक्षण प्रतिवेदन प्राप्त होने पर यदि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उक्त कार्रवाई संयुक्त दल द्वारा संपादित की गई, जिसमें श्री शिवराज पावक, श्री पंकज श्रीवास्तव, श्री अरुणेश कुमार पटेल एवं श्रीमती साधना सक्सेना, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता, स्वच्छता अथवा सुरक्षा के संबंध में कोई शिकायत हो तो उसकी सूचना तत्काल सीएम हेल्पलाइन, एफएसएसएआई फूड सेफ्टी कनेक्ट पोर्टल अथवा स्थानीय खाद्य सुरक्षा कार्यालय को दें, ताकि समयबद्ध जांच एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

.webp)