उच्च शिक्षा विभाग के दैनिक वेतन भोगियों को स्थाई करने और एमवीएम प्राचार्य पर कार्रवाई की माँग

Updesh Awasthee
भोपाल
: राज्य शासकीय कर्मचारी अधिकार संरक्षण संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त श्री प्रबल सिपाहा से मुलाकात कर विभाग के कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और विभिन्न शिकायतों के निराकरण के लिए ज्ञापन सौंपा। 

जनभागीदारी कर्मचारियों को स्थाई करने की माँग संघ के संरक्षक श्री शील प्रताप सिंह पुण्डीर, प्रांतीय अध्यक्ष श्री व्यास मुनि चौबे और कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. देवीसिंह सनोडिया सहित अन्य कर्मचारी नेताओं ने आयुक्त से प्रमुख रूप से उच्च शिक्षा विभाग के जनभागीदारी दैनिक वेतन भोगियों को स्थाई कर्मी बनाए जाने की माँग की। नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान त्वरित रूप से किया जाना चाहिए। 

शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय की प्राचार्य पर गंभीर आरोप मुलाकात के दौरान कर्मचारी नेताओं ने शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय (MVM) की प्राचार्य श्रीमती गीता मोदी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। संघ ने आरोप लगाया है कि प्राचार्य द्वारा कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है और वे शासन के नियमों को दरकिनार कर हठधर्मितापूर्ण व्यवहार कर रही हैं। 

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पदमुक्त किए जाने के निर्देशों के बावजूद वे अनाधिकृत रूप से प्राचार्य पद पर काबिज हैं और निरंतर वित्तीय शक्तियों का दुरुपयोग कर रही हैं। इस संबंध में मुख्य सचिव, मध्य प्रदेश शासन सहित अन्य उच्च अधिकारियों को पहले ही शिकायती ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, जिन पर संघ ने कड़ी कार्रवाई की माँग की है।

आयुक्त ने दिया आश्वासन शिकायतों और माँगों को सुनने के बाद, आयुक्त श्री प्रबल सिपाहा ने नियमानुसार समस्याओं के समाधान हेतु अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा, भोपाल को निर्देशित किया। उन्होंने कर्मचारी नेताओं को आश्वासन दिया कि लंबित प्रकरणों और समस्याओं का शीघ्र ही निराकरण किया जाएगा। रिपोर्ट: शोएब सिद्दीकी (प्रदेश प्रवक्ता)।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!