आलीराजपुर। रतलाम-झाबुआ-आलीराजपुर संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर आदिवासी अंचल के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने आलीराजपुर जिले में शासकीय कृषि महाविद्यालय की स्थापना तथा प्रधानमंत्री फलिया सड़क योजना के लंबित प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने दोनों विषयों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।
मुलाकात के दौरान सांसद ने प्रधानमंत्री फलिया सड़क योजना के प्रथम चरण में आजाद नगर (भाबरा) विकासखंड की 64 फलिया सड़कों को स्वीकृति मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस योजना से दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में रहने वाले हजारों परिवारों को बारहमासी सड़क संपर्क मिलेगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार जैसी आवश्यक सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।
तीनों जिलों के प्रस्तावों को मंजूरी देने का आग्रह
सांसद श्रीमती चौहान ने केंद्रीय मंत्री से रतलाम, झाबुआ और आलीराजपुर जिले की शेष प्रधानमंत्री फलिया सड़क परियोजनाओं को भी शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क मजबूत होने से आदिवासी अंचल के विकास को नई गति मिलेगी और ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
आलीराजपुर में कृषि महाविद्यालय की उठाई मांग
सांसद ने केंद्रीय मंत्री को सौंपे पत्र में बताया कि आलीराजपुर कृषि प्रधान एवं जनजातीय जिला है, जहां लगभग 90 प्रतिशत आबादी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कृषि पर निर्भर है और करीब 1.05 लाख किसान खेती से जुड़े हैं। इसके बावजूद जिले में शासकीय कृषि महाविद्यालय नहीं होने से विद्यार्थियों को उच्च कृषि शिक्षा के लिए अन्य जिलों का रुख करना पड़ता है।
उन्होंने सुझाव दिया कि शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में उपलब्ध भवन एवं आधारभूत संसाधनों का उपयोग करते हुए वर्ष 2026-27 से कृषि महाविद्यालय की कक्षाएं प्रारंभ की जा सकती हैं। साथ ही, समीप स्थित कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) के सहयोग से विद्यार्थियों को अनुसंधान एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा सकता है।
सांसद ने कहा कि कृषि महाविद्यालय की स्थापना से स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कृषि शिक्षा मिलेगी, आधुनिक कृषि तकनीकों का विस्तार होगा, अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा तथा किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी।
मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सांसद श्रीमती अनिता चौहान द्वारा रखे गए सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जिला मीडिया प्रभारी गोविंदा गुप्ता ने बताया कि सांसद की इस पहल से आदिवासी अंचल में कृषि शिक्षा और ग्रामीण अधोसंरचना के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
नवीन सेन

