इंदौर, 2 जून 2026: सरकारी अधिकारी और कर्मचारी बड़े चतुर हो गए हैं। अपने हाथ में रिश्वत नहीं लेते बल्कि प्राइवेट लोगों को रिश्वत वसूली के लिए कमीशन एजेंट बना रखा है। बड़वानी में लोकायुक्त की कार्रवाई के दौरान ऐसा एक मामला सामने आया, जिसमें अधिकारी ने रिश्वत की मांग की। चपरासी ने इसके लिए फॉलो अप किया और जब रिश्वत रिसीव करने की बारी आई तो एक चाय वाला सामने आ गया। लोकायुक्त ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बड़वानी की महिला कर्मचारी उर्मिला सोलंकी ने लोकायुक्त से शिकायत की
आवेदिका श्रीमती उर्मिला सोलंकी पति श्री आशीष सोलंकी, निवासी- ग्राम-संगोदा बेडीपुरा तहसील अंजड जिला बड़वानी द्वारा अपनी शिकायत में बताया गया कि, श्री धन्नालाल दांगी, परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना ठीकरी जिला बड़वानी द्वारा श्री दिनेश खतवासे, पिता श्री जगदीश खतवासे उम्र-49 वर्ष पद-भृत्य (स्थाई) कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना ठीकरी तहसील अंजड जिला बड़वानी निवासी मकान नम्बर 311, वार्ड नम्बर-14, सियाराम कालोनी, ग्राम पिपरी ठीकरी (ठीकरी थाने के पीछे), तहसील अंजड जिला बड़वानी एवं श्री राजेश पिता श्री जगदीश पाटीदार उम्र-39 वर्ष व्यवसाय चाय की दुकान संचालक, निवासी- ग्राम केरवा तहसील ठीकरी जिला बड़वानी के माध्यम से रिश्वत की मांग की जा रही है।
महिला बाल विकास के परियोजना अधिकारी धन्नालाल दांगी रिश्वत मांग रहे हैं
आवेदिका श्रीमती उर्मिला सोलंकी ने बताया कि वह, ग्राम संगोदा की रहने वाली है तथा आंगनवाड़ी सहायिका के पद पर दिनांक 17.09.2025 को आंगनवाडी केन्द्र संगोदा बैडीपुरा में नियुक्ति हुई थी। आवेदिका को नियुक्ति दिनांक 17.09.2025 से आज दिनांक तक लगभग आठ माह का मानदेय प्राप्त नहीं हुआ था। आवेदिका के आठ माह का मानदेय निकालने के एवज में अनावेदकगण श्री धन्नालाल दांगी, परियोजना अधिकारी एवं श्री दिनेश खतवासे - भृत्य, कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना ठीकरी जिला बड़वानी द्वारा आपस में मिलीभगत कर आवेदिका से 20,000/- रू. रिश्वत की मांग की गई।
Madhya Pradesh Bribery Network: Agents Recruited for Extortion, One Arrested
श्री राजेश सहाय, पुलिस अधीक्षक, विपुस्था, लोकायुक्त कार्यालय इंदौर द्वारा शिकायत का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन में शिकायत सही पाये जाने पर आज दिनांक 02.06.2026 को ट्रेपदल का गठन किया गया। रिश्वत वसूली का नेटवर्क देखिए। परियोजना अधिकारी ने रिश्वत की मांग की, चपरासी ने फॉलोअप किया और जब रिश्वत प्राप्त करने की बारी आई तो चाय की दुकान के संचालक श्री राजेश पाटीदार द्वारा रिश्वत की राशि प्राप्त की गई। मौके पर सिविल ड्रेस में मौजूद लोकायुक्त की टीम ने चाय की दुकान के संचालक श्री राजेश पाटीदार को 5,000/- रू. रिश्वत राशि लेते हुये रंगे हाथो पकड़ा। शिकायत के सत्यापन के दौरान कलेक्ट किए गए एविडेंस के आधार पर श्री धन्नालाल दांगी, परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं श्री दिनेश खतवासे भृत्य, परियोजना ठीकरी जिला बड़वानी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 एवं 61 (2) बीएनएस 2023 के अंतर्गत कार्यवाही जारी है।
ट्रैपदल में कार्यवाहक उपुअ श्री आनंद चौहान, कार्यवाहक प्रआर श्री रणजीत द्विवेदी, आरक्षक श्री विजय कुमार, आरक्षक श्री आशीष नायडू आरक्षक पवन पटोरिया, आरक्षक कमलेश परिहार, आरक्षक मनीष माथुर, प्रभात मोरे शामिल थे।
इंदौर संभाग में रिश्वतखोरी के खिलाफ शिकायत यहां पर करें
लोकायुक्त संगठन द्वारा लगातार भ्रष्टाचार के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। आमजन से अपील है की कोई अधिकारी/कर्मचारी रिश्वत की मांग करे तो लोकायुक्त कार्यालय इंदौर एवं दूरभाष पर भी सम्पर्क कर सकते है।
कार्यालय :- पुलिस अधीक्षक, विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त कार्यालय इंदौर संभाग इंदौर
पता- मोती बंगला, एम.जी. रोड इंदौर-452007
दूरभाष : 0731-2533160, 0731-2430100

.webp)