भोपाल, 15 सितंबर 2026: फूड सेफ्टी को लेकर नियम बहुत कठोर हो गए हैं। बात सिर्फ इतनी सी नहीं है कि रेस्टोरेंट में बनाया गया खाना खराब होगा तभी कोई कार्रवाई की जाएगी, लेकिन यदि रेस्टोरेंट के किचन में सफाई नहीं होगी, तब भी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। भोपाल के एमपी नगर में एक रेस्टोरेंट का फूड लाइसेंस इसलिए सस्पेंड कर दिया गया क्योंकि उसके रेस्टोरेंट में चूहे पाए गए थे।
भोपाल के एमपी नगर स्थित ड्रैगन हाउस रेस्टोरेंट का फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। मंगलवार को यहां खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम निरीक्षण करने पहुंची थी। इस दौरान किचन में चूहे मिले। इस रेस्टोरेंट में एक्सपायर्ड मसाले के पैकेट मिले। जिन पर चूहों द्वारा कुतरे जाने के निशान पाए गए। किचन में चूहों की उपस्थिति के प्रमाण मिले और मैनेजर ने भी प्रतिष्ठान में चूहों की समस्या से परेशान होना बताया गया।
इसके अलावा शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों का पृथक भंडारण नहीं पाया गया। 5 फ्रीजर में खाद्य पदार्थों का एक साथ भंडारण किया जाना पाया गया। 5 पैकेट मशरूम सड़ी और खराब अवस्था में पाए गए। प्रतिष्ठान में सैनिटरी एवं हाइजीनिक आवश्यक शर्तों का पूर्णतः पालन नहीं किया जा रहा था। यहां से खाद्य सामग्री की सैंपलिंग भी की गई।
इंडियन कॉफी हाउस एमपी नगर में वेज और नॉनवेज एक ही बर्तन में बनाते हैं?
एमपी नगर के ही इंडियन कॉफी हाउस की भी जांच की गई। इस दौरान खुले डस्टबिन पाए गए और साफ-सफाई के उचित प्रबंध नहीं थे। पैक्ड पापड़ मिसब्रांडेड पाए गए। जिसके संबंध में प्रतिष्ठान द्वारा उक्त पापड़ केरल से आया होना बताया गया। नॉनवेज खाद्य पदार्थों के लिए पृथक भंडारण एवं प्रोसेसिंग की व्यवस्था नहीं पाई गई। नॉनवेज खाद्य पदार्थों के लिए पृथक बर्तनों एवं फ्रीजर की व्यवस्था भी नहीं पाई गई। 2 कड़ाहियां काली हो चुकी थीं। ड्रेनेज से पानी का संचालन भी उचित नहीं पाया गया। यहां एक खाद्य सामग्री का नमूना लिया गया।
राजहंस होटल के पनीर में गड़बड़ी का शक
इसी तरह एमपी नगर स्थित राजहंस होटल के निरीक्षण के दौरान 2 डस्टबिन खुले पाए गए और एक पैकेट मशरूम खराब/सड़ा हुआ मिला। कुल 15 कर्मचारियों के मेडिकल चेकअप का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं पाया गया। पेयजल की रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं पाई गई। पनीर का भौतिक सत्यापन किया गया। 250 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध पनीर की गुणवत्ता के संबंध में शंका होने पर पनीर का 1 नमूना लिया गया।

