भोपाल, 17 सितंबर 2026: यदि आप फेस्टिवल सीजन में भोपाल से रीवा जाना चाहते हैं, किसी भी ट्रेन में रिजर्वेशन नहीं हो पाया है, बस वाले हवाई जहाज से ज्यादा किराया मांग रहे हैं और आपका कोई ग्रुप भी नहीं है जो टैक्सी लेकर जा सके तो फिर आपके लिए रेलवे की स्पेशल ट्रेन ठीक विकल्प हो सकती है। यहां किराया थोड़ा ज्यादा लगेगा लेकिन रिजर्वेशन कंफर्म होने की संभावना भी ज्यादा है। दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा पर्व के दौरान भोपाल से रीवा स्पेशल ट्रेन का ऐलान कर दिया गया है।
गाड़ी संख्या 02192 रीवा–रानी कमलापति साप्ताहिक सुपरफास्ट पूजा स्पेशल ट्रेन प्रत्येक शनिवार को 17 एवं 24 अक्टूबर तथा 07 एवं 14 नवम्बर 2026 को रीवा स्टेशन से दोपहर 12:30 बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन रात 21:15 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी। इस प्रकार इस दिशा में कुल 04 सेवाएं संचालित होंगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 02191 रानी कमलापति–रीवा साप्ताहिक सुपरफास्ट पूजा स्पेशल ट्रेन प्रत्येक शनिवार को 17 एवं 24 अक्टूबर तथा 07 एवं 14 नवम्बर 2026 को रानी कमलापति स्टेशन से रात 22:15 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 07:20 बजे रीवा स्टेशन पहुंचेगी। इस दिशा में भी कुल 04 सेवाएं संचालित होंगी।
यह पूजा स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में विदिशा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, मैहर एवं सतना स्टेशनों पर ठहरेगी। इससे इन स्टेशनों एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को पर्व के दौरान अतिरिक्त रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।
इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 7 स्लीपर, 3 थर्ड एसी, 3 थर्ड एसी इकोनामी, 2 सेकेंड एसी, 1 फस्ट एसी, 4 सामान्य श्रेणी, 1 जनरेटर कार एवं 1 एसएलआरडी सहित कुल 22 कोच होंगें।
डिस्क्लेमर: कृपया रेलवे की किसी भी घोषणा पर पूरी तरह से यकीन ना करें। रिजर्वेशन करने से पहले अपडेट जरूर चेक करें और यात्रा करने से पहले ट्रेन का शेड्यूल चेक करें। रेलवे का कोई भरोसा नहीं कब कौन सी ट्रेन कैंसिल कर देते हैं।

