भोपाल, 16 सितंबर 2026: शहर कोतवाली के इंचार्ज, पुलिस इंस्पेक्टर प्रभात गौड़, बीट प्रभारी एएसआई राकेश गुर्जर और माइक्रो बीट प्रभारी आरक्षक नरेंद्र रावत, तीनों को सस्पेंड कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले एडिशनल कमिश्नर ऑफ़ पुलिस संतोष पटेल ने पिछले दिनों कुछ जुआरियों को पकड़ा था। उपरोक्त तीनों पुलिस अधिकारियों का, जुआरियों से कनेक्शन मिला है।
जानकारी के मुताबिक गत दिवस एसीपी कोतवाली संतोष पटेल ने अपनी टीम के साथ चौक बाजार क्षेत्र में जुए के अड्डे पर छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दर्जनभर से अधिक जुआरियों को पकड़ा था। मौके से करीब सवा दो लाख रुपए भी जब्त किए गए थे। कार्रवाई के बाद पुलिस अधिकारियों ने जुए के अड्डे के संचालन और स्थानीय पुलिस की भूमिका की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि क्षेत्र में जुआ चलने की जानकारी होने के बावजूद उसे रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। जुआ बंद कराने को लेकर आला अधिकारियों की ओर से पहले भी निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद थाना स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आई।
जांच में थाना प्रभारी प्रभात गौड़ पर जुआरियों को संरक्षण देने के आरोपों की भी पड़ताल की गई। इसी आधार पर डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता ने थाना प्रभारी के साथ बीट और माइक्रो बीट स्तर के पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की।

