भोपाल, 4 जून 2026: अशोका गार्डन इलाके में बुधवार रात 28 वर्षीय महिला ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वो अपने पड़ौसी से परेशान थी और कई बार विवाद हो चुका था। पड़ौसी उउनके दरवाजे पर नॉनवेट की हड्डियां और शराब की खाली बोतल फेंक देते थे। ऐसा करके वो विवाहिता और उसके पति को जलील किया करते थे।
पति सब्जी लेकर लौटा, पत्नि फांसी पर लटकी हुई थी
सुंदर नगर निवासी सुनील कुशवाह ने पुलिस को बताया- मैं रात में सब्जी लेने गया था। 20 मिनट बाद घर लौटा तो कमरे का नजारा देखकर होश उड़ गए। पत्नी जूली उम्र 28 वर्ष फंदे पर लटकी हुई थी। दोनों मासूम बच्चे पास बैठकर रो रहे थे। एक बच्चे की उम्र 6 महीने और दूसरे की 2 साल है। पति सुनील कुशवाह ने अपने रिश्तेदारों पर आरोप लगाए हैं। सुनील का कहना है कि पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार राजू कुशवाह और उनके परिवार से उनका आए दिन विवाद होता था।
घटना से पहले भी पड़ौसियों ने खाली बोतलें और हड्डियां फेंकी थीं
आरोपी आए दिन शराब पार्टी करते थे। मांस खाने के बाद खाली बोतलें और हड्डियां हमारे कमरे के पास फेंक देते थे। इस गंदगी और माहौल की वजह से जूली काफी मानसिक तनाव में रहती थी। उसकी तबीयत भी बिगड़ जाती थी। कई बार समझाने के बावजूद आरोपियों ने ये हरकतें बंद नहीं कीं। पति के अनुसार, आत्महत्या करने से ठीक पहले भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई थी, जिससे परेशान होकर जूली ने यह कदम उठा लिया।
पुलिस बोली- कॉमन स्पेस को लेकर विवाद तो था
अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि अभी परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि जूली और उसके रिश्तेदार एक ही परिसर (कंपाउंड) में रहते थे। दोनों परिवारों के बीच साझा जगह (कॉमन स्पेस) के इस्तेमाल को लेकर विवाद होता था। पुलिस का कहना है कि चूंकि मामला नवविवाहिता से जुड़ा हुआ है, इसलिए कानून के मुताबिक सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

.webp)