भोपाल, 10 मई 2026: प्रदेश के सरकारी स्कूलों में संगीत और नृत्य शिक्षकों के रूप में चयनित अभ्यर्थी अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर अब सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। माध्यमिक शिक्षक (संगीत-गायन वादन) और प्राथमिक शिक्षक (संगीत-गायन वादन एवं नृत्य) चयन परीक्षा 2024 में सफल हुए 1114 अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र मांगने भोपाल आ रहे हैं। लोक शिक्षण संचालनालय के सामने प्रदर्शन करेंगे।
18-19 साल बाद आई भर्ती, फिर भी बढ़ी पीड़ा
अभ्यर्थियों का कहना है कि संगीत और नृत्य विषयों की भर्ती लगभग 18-19 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद निकाली गई थी। इतनी प्रतीक्षा के बाद चयन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद उन्हें अब तक स्कूलों में पदस्थापना नहीं मिली है। नियमों की अनदेखी का आरोप भर्ती प्रक्रिया की समयरेखा के अनुसार, 2022 में विज्ञापन जारी हुआ, 2023 में पात्रता परीक्षा हुई और अप्रैल 2025 में चयन परीक्षा आयोजित की गई थी। सितंबर 2025 में परिणाम घोषित होने और दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी मई 2026 तक नियुक्ति आदेश जारी नहीं हुए हैं। परीक्षा संचालन नियम पुस्तिका की धारा 3.28 का हवाला देते हुए अभ्यर्थियों ने बताया कि चयन सूची जारी होने के 3 माह के भीतर नियुक्ति आदेश जारी हो जाने चाहिए, लेकिन यहाँ 9-10 महीने बीत चुके हैं।
पदों का विवरण: चयनित अभ्यर्थियों के अनुसार कुल लंबित नियुक्तियां इस प्रकार हैं:
माध्यमिक शिक्षक संगीत (वर्ग-2): 392 पद
प्राथमिक शिक्षक संगीत (वर्ग-3): 452 पद
प्राथमिक शिक्षक नृत्य (वर्ग-3): 270 पद
कुल पद: 1114
आश्वासन से टूटी उम्मीदें, अब होगा धरना-प्रदर्शन
अभ्यर्थियों ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि उन्हें बार-बार केवल आश्वासन दिया जा रहा है। "जॉइनिंग दो... जॉइनिंग दो" के नारों के साथ अब ये चयनित उम्मीदवार अपने अधिकारों के लिए धरना-प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं। उनकी सरकार से एक ही मांग है कि संगीत और नृत्य जैसे विषयों का सम्मान करते हुए चयनित अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति आदेश प्रदान किए जाएं।

.webp)