भोपाल, 24 मई 2026: समग्र शिक्षक संघ मध्य प्रदेश के प्रदेश महामंत्री श्री संजय तिवारी एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र दुबे ने स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह से गर्मियों की छुट्टियां बढ़ाने की अपील की है।
Demand to Extend Summer Vacation in MP Schools, Teachers’ Association Writes to Education Minister
स्कूल शिक्षा मंत्री को भेजे गए ज्ञापन में लिखा है, मध्य प्रदेश शासन, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि 1 मई से 30 मई तक निर्धारित की गई है। वर्तमान परिस्थितियों एवं व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए इस निर्णय पर पुनर्विचार किया जाना नितांत आवश्यक है। संगठन इस संबंध में निम्न मुख्य कारणों की ओर आपका ध्यान आकर्षित करना चाहता है:
जनगणना कार्य में व्यापक संलग्नताः 1 मई से 30 मई तक की इस निर्धारित अवकाश अवधि में प्रदेश के लगभग 90% से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाएं भारत सरकार के अत्यंत महत्वपूर्ण एवं अनिवार्य जनगणना कार्य में पूर्णतः संलग्न हैं। इस राष्ट्रीय कार्य के चलते शिक्षक न तो मानसिक रूप से विश्राम कर पा रहे हैं और न ही आगामी शैक्षणिक सत्र की गुणवत्तापूर्ण तैयारी कर पा रहे हैं। अवकाश का वास्तविक उद्देश्य पूर्णतः समाप्त हो गया है।
अत्यधिक तापमान एवं लू का प्रकोपः इस वर्ष मई और जून माह में संपूर्ण प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 45°C से 48°C के अत्यंत कष्टदायक स्तर तक पहुंच रहा है। ऐसी चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में छोटे बच्चों तथा शिक्षकों का विद्यालय आना-जाना स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत जोखिमपूर्ण एवं जानलेवा सिद्ध हो सकता है।
अतः जनहित, छात्रहित एवं शिक्षकहित को सर्वोपरि दृष्टिगत रखते हुए समग्र शिक्षक संघ की पुरजोर मांग है किः "ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि को 30 मई 2026 से आगे बढ़ाकर 21 जून 2026 तक किया जाए, तथा समस्त विद्यालयों का सुचारू संचालन 22 जून 2026 से सुनिश्चित किया जाए।" उल्लेखनीय है कि राजस्थान सहित देश के अन्य पड़ोसी राज्यों द्वारा भी इसी भीषण गर्मी एवं व्यावहारिक कठिनाइयों के मद्देनजर अवकाश अवधि में वृद्धि की गई है। मध्य प्रदेश में भी वर्तमान में ठीक वैसी ही विषम परिस्थितियां निर्मित हैं।

.webp)