Gwalior में रितु और उसके पांच दोस्तों से पीड़ित पति ने जहर खा लिया, बैक-टू-बैक तीन वीडियो पोस्ट किए गए

Updesh Awasthee
ग्वालियर, 28 मई 2026:
मानपुर में एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके पांच दोस्तों से परेशान होकर जहर खा लिया। इसके पहले उसने अपनी हाउसिंग सोसायटी के व्हाट्सएप ग्रुप में बैक-टू-बैक तीन वीडियो पोस्ट किए। शुक्र है कि पड़ोसी अच्छे थे। उन्होंने तत्काल रेस्क्यू कर लिया। 

विकास तोमर तत्काल एक्टिव हुए, वेंकट शर्मा की जान बच गई

पुलिस के मुताबिक, वेंकट शर्मा मानपुर स्थित सरकारी मल्टी फेज-1 के एल-5 ब्लॉक में पांचवीं मंजिल के फ्लैट नंबर-501 में रहता है। मंगलवार रात वह घर में अकेला था। इसी दौरान मानसिक तनाव में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। ग्रुप में वीडियो देखते ही पड़ोसी विकास तोमर तुरंत एक्टिव हुए। वे भागकर वेंकट के फ्लैट पर पहुंचे और पुलिस को फोन किया। पुलिस और विकास ने मिलकर अचेत हो रहे वेंकट को तुरंत गाड़ी से अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। 

यहां उल्लेख करना जरूरी है कि आजकल पास पड़ोस के लोग भी इस तरीके से एक्टिव नहीं होते हैं। बहुत ज्यादा हुआ तो वह केवल पुलिस को सूचना कर देते हैं। विचार करेंगे तो ध्यान में आएगा कि कई लोगों की मौत एंबुलेंस के इंतजार में हो जाती है। यहां विकास ने पुलिस को सूचना दी लेकिन स्वयं ने वीडियो नहीं बनाया बल्कि सक्रिय होकर पड़ोसी की जान बचाई। एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया, जो गाड़ी मिली उसके माध्यम से अस्पताल पहुंचा दिया।

₹100000 का फोन, 5 दोस्तों से रात भर बात करती है

वेंकट शर्मा ने जहर खाने से पहले जो वीडियो बनाए, उसमें उन्होंने अपनी पत्नी रितु शर्मा, सास गीता शर्मा और साले अनुभव शर्मा सहित 8 लोगों को अपनी हालत का जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उसने वीडियो में कहा- मेरी पत्नी रितु को बेहद लग्जरी लाइफ चाहिए। वह एक-एक लाख रुपए के महंगे मोबाइल फोन चलाती है। उसके शौक बहुत महंगे हैं। वेंकट ने कहा- वह बड़ागांव के रहने वाले गौरव यादव, विशाल यादव, राजेश यादव, कल्ली यादव और हिमांशु भदौरिया से रात-रात भर फोन पर बात करती है।

बेटे से अलग कर दिया, धमकियां देने लगे

जब मैंने पति होने के नाते उसे टोकने और समझाने का प्रयास किया तो उसने सुधरने के बजाय इन लोगों से मुझे धमकियां दिलवाना शुरू कर दिया। मेरे पीछे गुंडे लगा दिए गए। वेंकट ने आरोप लगाते हुए कहा कि सास गीता शर्मा ने अभद्रता और गाली-गलौज की। पत्नी और सास ने मिलकर साजिशन मुझे मेरे बेटे से दूर कर दिया। बेटे से अलग होने के गम और लगातार मिल रही धमकियों के कारण मैं डिप्रेशन में चला गया।

वीडियो के अंत में वेंकट ने कहा- अगर मुझे कुछ भी होता है तो मेरी पत्नी, सास, साला और बड़ागांव के ये पांचों लड़के जिम्मेदार होंगे। मुझे न्याय दिलाया जाए।

सभी कड़ियों की बारीकी से जांच की जा रही
थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि युवक ने वीडियो में 8 लोगों के नामों का जिक्र किया है। सभी कड़ियों की बारीकी से जांच की जा रही है। स्वस्थ होने के बाद उसके विस्तृत बयान दर्ज किए जाएंगे। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!