भोपाल, 28 मई 2026: अशोक नगर जिले की ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सुरभि जैन सुर्खियों में है। इसलिए नहीं कि उन्होंने कोई उपलब्धि हासिल की है बल्कि इसलिए क्योंकि उन्होंने एक स्कूल के चपरासी को बचाने के लिए कलेक्टर को बेवकूफ बनाने की कोशिश की है। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच के आदेश दिए। DEO की जांच में स्पष्ट हो गया कि BEO द्वारा कलेक्टर को बेवकूफ बनाया गया है।
BEO Surbhi Jain Misled Collector Over Peon, DEO Probe Reveals
दरअसल, बात ऐसी है कि, अशोकनगर के चंदेरी ब्लॉक स्थित प्राणपुर के पीएमश्री स्कूल परिसर में स्कूल के चपरासी और चौकीदार द्वारा सरकारी किताबों को जलाकर मुर्गा पकाने और शराब पार्टी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। कलेक्टर ने इसकी जांच के आदेश दिए। नियम के अनुसार जांच ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सुरभि जैन को सौंपी गई। जब उन्होंने अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की तो उसको देखकर कलेक्टर भी हैरान रह गए। सुरभि जैन ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना को "असत्य" घोषित कर दिया जबकि वीडियो में सब कुछ साफ दिखाई दे रहा था।
नाराज कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने जिला शिक्षा अधिकारी को फटकार लगाते हुए पारदर्शी और निष्पक्ष जांच करने का निर्देश दिया। यह जांच तत्काल पूरी हो गई। सरकारी किताबों को जलाकर मुर्गा पकाने वाले चपरासी और चौकीदार को बर्खास्त कर दिया गया है। इसके साथ यह भी प्रमाणित हो गया कि ब्लॉक एजुकेशन ऑफीसर सुरभि जैन द्वारा झूठी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करके, दोषी चपरासी को बचाने के लिए कलेक्टर को गुमराह किया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अधिकारी ने जानबूझकर गलत और भ्रामक जानकारी देकर प्रशासन को गुमराह किया है, तो उन पर भी सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह है कि, अशोकनगर के कलेक्टर श्री साकेत मालवीय, BEO सुरभि जैन के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं। यहां उल्लेख करना जरूरी होगा कि, स्कूल शिक्षा विभाग में जब भ्रष्टाचार की बात चलती है तो BRCC-BEO को दूध देने वाली गाय कहा जाता है।

.webp)