सैयदना साहब का पटेल पब्लिक स्कूल में भव्य स्वागत, रिद्धि मुर्ती ने किया आलीराजपुर का नाम रोशन

Updesh Awasthee
आलीराजपुर, 6 अप्रैल 2026
: दाऊदी बोहरा समाज के 53वें पूज्य दाई-उल-मुतलक सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब के आलीराजपुर जिले में चार दिवसीय कार्यक्रम के पश्चात् , बड़ौदा के  प्रस्थान से पूर्व  पटेल पब्लिक स्कूल में उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उनके आगमन से पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण व्याप्त हो गया।

समारोह में पटेल पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर एवं आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल, जोबट विधायक एवं नगरपालिका अध्यक्ष सेना महेश पटेल, विद्यालय परिवार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता तथा बोहरा समाज के अनेक गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ अर्पित कर एवं आत्मीय भाव से धर्मगुरु का स्वागत किया।

अपने आशीर्वाद में सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब ने समाज में एकता, भाईचारे और सेवा भावना को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि सभी को मिलकर मानवता की सेवा तथा सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने हेतु कार्य करना चाहिए। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर विशेष बल देते हुए युवाओं को संस्कार, अनुशासन और ज्ञान के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।उनके प्रेरणादायी आशीर्वाद से जनसमूह को गहराई से प्रभावित  किया।

इस अवसर पर महेश पटेल एवं सेना महेश पटेल ने संयुक्त रूप से कहा,
“हमारे लिए यह अत्यंत गौरव और सौभाग्य का विषय है कि पूज्य गुरु का पावन सानिध्य हमारे विद्यालय को प्राप्त हुआ। उनके चरण हमारे संस्थान में पड़े, यह हमारे पूरे परिवार के लिए प्रेरणा, गर्व और सम्मान का क्षण है। साथ ही, यह पूरे आलीराजपुर जिले के लिए भी गर्व की बात है। गुरुजी का आशीर्वाद हम सभी के लिए अमूल्य है।”
उन्होंने गुरुजी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद से समाज एवं शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार होगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने धर्मगुरु के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया। पूरे आयोजन में अनुशासन, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। अंत में सभी ने सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक विदाई दी।

इंदौर के प्रतिष्ठित होलकर स्टेडियम में महिला क्रिकेटर रिद्धि मुर्ती का सम्मान 

यह गरिमामयी कार्यक्रम इंदौर में कोल्ट्स क्रिकेट क्लब द्वारा डी.एस. खांडेकर एवं श्रीमती शांता देवी दीक्षित की स्मृति में आयोजित किया गया, जिसमें देश के भविष्य माने जा रहे युवा क्रिकेटरों को मंच प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन के प्रायोजक वर्षा खंडेकर एवं अवधेश दीक्षित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  विधायक रमेश मेंदोला जी की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में बालक वर्ग में विवान पांडे एवं बालिका वर्ग में आलीराजपुर की उभरती महिला क्रिकेटर रिद्धि मूर्ति को सम्मानित किया गया।
 कार्यक्रम में रिद्धि के पिता वेंकटेश मूर्ति एवं माताजी की गरिमामयी उपस्थिति भी रही, जिन्होंने इस पल को भावुकता और गर्व के साथ साझा किया।
 सम्मान के बाद रिद्धि मूर्ति ने कहा -
“यह सम्मान मेरे लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है। मैं अपने माता-पिता और कोच का आभार व्यक्त करती हूं, जिनके समर्थन से मैं यहां तक पहुंच पाई हूं। आगे भी मैं और मेहनत कर देश व अपने जिले आलीराजपुर का नाम रोशन करना चाहती हूं।”
सुबह 10 बजे से शुरू हुए कार्यक्रम में पहले अतिथियों का स्वागत  हुआ, जिसके बाद 11 बजे से पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ। इस दौरान क्रिकेट जगत से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों एवं सदस्यों ने युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
 गौरव की बात यह रही कि छोटी सी जगह आलीराजपुर से निकलकर रिद्धि मूर्ति ने बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाई और जिले का नाम रोशन किया।
इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों  ने रिद्धि के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
रिपोर्ट: नवीन सेन। 
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!