भोपाल समाचार, 23 अप्रैल 2026: किसी माफिया डॉन की तरह वीडियो जारी करके पुलिस अधिकारियों को धमकी देने वाले पिछोर के विधायक श्री प्रीतम लोधी ने, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मुलाकात के बाद अपने बयान के लिए खेद प्रकट किया है और कहा है कि आगे से अपनी शब्दावली पर ध्यान रखेंगे।
Pichhore MLA Pritam Lodhi Surrenders, Expresses Regret to SDOP After Warning
इससे पहले शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा से विधायक श्री प्रीतम लोधी ने 3-4 वीडियो जारी करके SDOP करैरा डॉ. आयुष जाखड़ IPS के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया था। मध्य प्रदेश के इतिहास में पहली बार था कि जब आईपीएस एसोसिएशन ने सार्वजनिक पत्र जारी करके सरकार से विधायक श्री प्रीतम लोधी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मामले का संज्ञान लिया गया था और नितिन नवीन के निर्देश के बाद प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल द्वारा श्री प्रीतम लोधी को नोटिस जारी किया गया था। जवाब देने के लिए तीन दिन का समय दिया गया था। पहले दिन श्री लोधी द्वारा कहा गया कि मुझे नोटिस नहीं मिला है, जब मिलेगा तो जवाब दूंगा।
आज दूसरे दिन श्री प्रीतम लोधी राजधानी भोपाल में नजर आए। यहां उन्होंने बताया कि मैं नोटिस लेने के लिए आया हूं। नोटिस मिलने के बाद जवाब दूंगा। हालांकि भोपाल में उन्होंने अपने किसी भी बयान को नहीं दोहराया। मीडिया के कैमरे से बचते हुए नजर आए, लेकिन मीडिया भी उनके पीछे पड़ा था। जब वह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल से मिलने के लिए भाजपा के प्रदेश कार्यालय की ओर रवाना हुए तो मीडिया की गाड़ियां उनके पीछे चल रही थी। तभी अचानक कार्यक्रम बदला और वह भाजपा के प्रदेश कार्यालय के स्थान पर सीएम हाउस की तरफ आगे बढ़ गए।
सीएम हाउस के सूत्रों ने बताया कि, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, विधायक श्री प्रीतम लोधी की भाषा और शब्दावली से बेहद नाराज थे। सीएम हाउस में श्री प्रीतम लोधी को जबरदस्त फटकार लगाई गई। सीएम हाउस की ओर से जो फोटो जारी किया गया उसमें भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि श्री प्रीतम लोधी की क्लास लगाई जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल भी सीएम हाउस में उपस्थित थे। हालांकि सीएम हाउस पहुंचने से पहले ही श्री प्रीतम लोधी द्वारा जिस प्रकार के बयान दिए गए, स्पष्ट हो गया था कि, श्री प्रीतम लोधी सरेंडर करने के लिए आए हैं।

.webp)