भोपाल में रात 1:30 बजे एक युवती ने अपने साथियों को बुलाकर युवक की पिटाई लगवाई

Updesh Awasthee
भोपाल, 2 अप्रैल 2026
: राजधानी का बंसल वन मॉल, कई प्रकार की असामान्य और अपराधिक गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है। बुधवार को रात करीब 1:30 बजे एक युवती ने अपने साथियों को बुलाकर, एक युवक की पिटाई लगवाई। युवक को उसकी कार से घसीट कर पीटा गया। इस दौरान उसकी महिला मित्र बीच बचाव करने की कोशिश करती रही। उसके अन्य मित्रों के साथ में मारपीट की गई। 

रेस्टोरेंट में एक लड़की से बहस हो गई थी

जानकारी के मुताबिक, वारदात बुधवार रात 1 बजकर 30 मिनट के आसपास की है। युवकों को करीब 10 मिनट तक पीटा गया, जिससे उन्हें कई जगह चोटें आई हैं। वहीं, विवाद के कारण 10-15 मिनट तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। पीड़ित दर्पण सिंह ने बताया कि वह डिजिटल मार्केटिंग का काम करता है। बुधवार रात वह दोस्तों के साथ खाना खाने रेस्टोरेंट गया था। यहां पहचान की एक युवती से पुरानी बातों को लेकर बहस हो गई। रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद जब वह बंसल वन मॉल के बाहर निकला, तो आरोपी आदित्य और अन्य लोगों ने उस पर हमला कर दिया।

युवती ने पीटने के लिए लड़कों को बुलाया

युवक ने बताया कि जिस युवती से होटल में विवाद हुआ था, उसी ने आदित्य और अन्य को हमला करने के लिए बुलाया था। रेस्टोरेंट के बाहर आरोपी पहले से उसका इंतजार कर रहे थे। जैसे ही उनकी कार बाहर निकली, उसे रोक लिया गया। इसके बाद बीच सड़क पर उनकी पिटाई की गई। हमले के दौरान बचाव कर रहे उसके दोस्त को भी चोटें आई हैं। आरोपियों के हमले से उनके साथ मौजूद महिला मित्र सहम गई थीं। वह भी बचाने का प्रयास करती रहीं, लेकिन आरोपी बेरहमी से पीटते रहे।

कॉलर पकड़कर जमीन पर पटकते दिखे युवक

विवाद के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया। वीडियो में दिख रहा है कि 4-5 लड़के मॉल की ओर से बाहर निकलते हैं। मॉल के बाहर एक लाल रंग की कार खड़ी है, जिसमें 2 युवक बैठे थे। पास में 2-3 लड़कियां भी मौजूद हैं। इस दौरान 4-5 लड़के दोनों युवकों को कार से बाहर खींचते हैं, कॉलर पकड़कर जमीन पर पटक देते हैं। वहीं दूसरे युवक की भी कॉलर पकड़कर पिटाई करते हैं। इस दौरान 3 युवक लगातार थप्पड़ और घूंसे मारते दिख रहे हैं, जबकि 2 अन्य युवक लात-घूंसे मार रहे हैं।

आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज

टीआई संजीव चौकसे ने बताया कि फरियादी दर्पण सिंह (30) की शिकायत पर आरोपी आदित्य और अन्य के खिलाफ मारपीट की धाराओं में FIR दर्ज की गई है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!