आलीराजपुर के 4 समाचार: शिक्षकों का प्रदर्शन, सांसद की सौगात और स्कूल को 20 लाख और इंदिरा ज्योति यात्रा

Updesh Awasthee
आलीराजपुर, 9 अप्रैल 2026:
टीईटी परीक्षा के विरोध में अध्यापक-शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने जिला संयोजक राजेश आर वाघेला के नेतृत्व में रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम निधि मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।

शिक्षक रामदेवजी मंदिर परिसर में एकत्रित हुए, जहां विभिन्न वक्ताओं ने टीईटी परीक्षा को लेकर अपनी आपत्तियां रखीं। इसके बाद रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में बताया गया कि लोक शिक्षण आयुक्त कार्यालय द्वारा 2 मार्च 2026 को जारी आदेश के तहत शिक्षकों को टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया है, जो लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों के साथ अन्याय है। शिक्षकों ने इस निर्णय को अव्यवहारिक बताते हुए अन्य राज्यों की तरह सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर करने की मांग की।

इस दौरान कलेक्टर नीतू माथुर ने शिक्षकों से नियमित रूप से स्कूल जाने की बात कही तथा समस्याओं के समाधान हेतु परामर्शदात्री बैठक बुलाने का आश्वासन दिया। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो शिक्षक उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने संबोधित किया, जबकि संचालन अंजीस वाघेला ने एवं आभार विद्या बनडोर ने माना।

आलीराजपुर को बड़ी सौगात:131 आंगनवाड़ी, 9 हाई स्कूल भवन व छात्रावास निर्माण के लिए करोड़ों की स्वीकृति 

आलीराजपुर जिले में शिक्षा एवं महिला-बाल विकास के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान एवं सांसद अनिता चौहान के प्रयासों से करोड़ों रुपए की विकास योजनाओं को स्वीकृति मिली है, जिससे जिले के ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। 

महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत जिले में 131 नवीन आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण हेतु ₹14 करोड़ 69 लाख 82 हजार की राशि स्वीकृत की गई है। लंबे समय से कई आंगनवाड़ी केंद्र भवन विहीन या जर्जर अवस्था में संचालित हो रहे थे, जिससे बच्चों एवं माताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब इन नए भवनों के निर्माण से पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। 

विधायक प्रतिनिधि गोविंदा गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में मंत्री एवं सांसद द्वारा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को अवगत कराया गया था, जिसके बाद विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर स्वीकृति प्रदान की गई।

विकासखंडवार आंगनवाड़ी भवन निर्माण

स्वीकृति के अनुसार आलीराजपुर में 20, उदयगढ़ में 23, कट्ठीवाड़ा में 08, भाभरा में 04, सोंडवा में 60 तथा जोबट में 16 आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण किया जाएगा। 

इसी क्रम में शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जिले के 9 शासकीय हाई स्कूल भवनों के निर्माण हेतु प्रति स्कूल ₹3 करोड़ 96 लाख 26 हजार की स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही शासकीय जनजातीय महाविद्यालयीन बालक छात्रावास के निर्माण के लिए ₹4 करोड़ 50 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। 

स्वीकृत स्कूलों में खारकुंआ, अम्बारी, थोड़सिंधी, मथवाड़, छकतला, कुलवट, उमरठ, अंधारकांच एवं कुण्डवाट के शासकीय हाई स्कूल शामिल हैं। वहीं आलीराजपुर स्थित शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जनजातीय बालक छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। 

कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है, ताकि हर वर्ग को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि ये स्वीकृतियां जिले के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। 

इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले में शिक्षा का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा। स्कूलों में कक्षाओं, प्रयोगशालाओं एवं अन्य सुविधाओं का विस्तार होगा, वहीं छात्रावास निर्माण से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा मिलने से उनकी शिक्षा में निरंतरता बनी रहेगी और ड्रॉपआउट दर में कमी आएगी। 

इस उपलब्धि पर भाजपा जिलाध्यक्ष मकू परवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष हजरी बाई खरत, महामंत्री रिंकेश तंवर, मोंटू शाह, राजू मुवेल, पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, युवा नेता विशाल रावत सहित जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान, सांसद अनिता चौहान एवं संबंधित मंत्रियों का आभार व्यक्त किया।

बोहरा समाज ने पटेल पब्लिक स्कूल को 20 लाख की सहायता का चेक दिया

आलीराजपुर समाज में शिक्षा के विस्तार और जरूरतमंद विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को संवारने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए नगर के बोहरा समाज ने धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन की प्रेरणा से पटेल पब्लिक स्कूल को ₹20 लाख की सहायता राशि प्रदान की। 

हाल ही में सैयदना साहब के आलीराजपुर आगमन के दौरान उन्होंने विद्यालय के विकास हेतु इस सहयोग राशि का वचन दिया था, जिसे अब मूर्त रूप देते हुए बोहरा समाज के प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय पहुंचकर चेक विद्यालय प्रबंधन को सौंपा। 

यह राशि विद्यालय के डायरेक्टर एवं मप्र आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष महेश पटेल तथा जनप्रतिनिधि सेना पटेल को सौंपी गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें समाज के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। 

धर्मगुरु द्वारा दिया गया यह सहयोग शिक्षा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त उदाहरण है। इस राशि से विद्यालय में आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों का विस्तार, कक्षाओं का उन्नयन, पुस्तकालय सुदृढ़ीकरण तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाओं का विकास किया जाएगा। 

कार्यक्रम के दौरान बोहरा समाज के प्रतिनिधियों ने सैयदना साहब का संदेश साझा करते हुए कहा कि “शिक्षा समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है”, और इसी सोच के साथ यह सहयोग प्रदान किया गया है।
विद्यालय के डायरेक्टर पटेल दंपति ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह योगदान विद्यालय के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगा। 

उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रारंभ से ही गरीब एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता करता आ रहा है और इस राशि का उपयोग भी उन्हीं के हित में किया जाएगा। साथ ही आधुनिक कक्षाओं, शिक्षण सामग्री एवं अन्य सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। 

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने बोहरा समाज की इस पहल को सामाजिक एकता, सहयोग और जनहित की उत्कृष्ट मिसाल बताया। 

विद्यालय परिवार, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों में इस अवसर को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। विद्यार्थियों ने भी आभार व्यक्त करते हुए बेहतर शिक्षा प्राप्त कर समाज व देश का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।

अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब एवं बोहरा समाज का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी योगदान बताया।

आलीराजपुर में इंदिरा ज्योति यात्रा का भव्य स्वागत 

बुधवार को देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री Indira Gandhi की 108वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही ‘इंदिरा ज्योति यात्रा’ बुधवार को आलीराजपुर पहुंची, जहां जिला कांग्रेस के नेतृत्व में इसका भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं राजस्थान के विभिन्न जिलों से गुजरते हुए 19 नवंबर को जयपुर में संपन्न होगी।

जिला कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत बोरखड़ स्थित पटेल फार्म हाउस से विधिवत रूप से की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुदेव भास्कर राव रोकड़े के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिससे आयोजन स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में जोबट विधायक सेना महेश पटेल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश राठौर, सुरेश शारडा, ब्लॉक अध्यक्ष हरीश भाबर सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने यात्रा का स्वागत करते हुए अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

इस दौरान “चलें रामराज्य की ओर” के संदेश के साथ यात्रा रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। 
विधायक सेना महेश पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने कार्यकाल में दृढ़ नेतृत्व एवं निर्णायक फैसलों के माध्यम से देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य उनके विचारों, योगदान और नीतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है, ताकि युवा वर्ग उनसे प्रेरणा ले सके।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश राठौर ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन संघर्ष, साहस और राष्ट्रहित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह यात्रा संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने के साथ कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगी।

यात्रा के साथ चल रहे लेखक एवं विचारक भास्कर राव रोकड़े ने बताया कि इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती के उपलक्ष्य में वर्ष 2026 को “सृजन वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत अब तक 108 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में “चलें रामराज्य की ओर” अभियान भी प्रारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य Mahatma Gandhi के आदर्शों पर आधारित समाज निर्माण हेतु जनजागरण करना है।

उल्लेखनीय है कि यह यात्रा 6 जनवरी 2026 से प्रारंभ होकर विभिन्न जिलों में निरंतर जारी है। मालवा एवं निमाड़ अंचल के बाद अब यह चंबल क्षेत्र की ओर अग्रसर होगी। अभियान के प्रथम चरण का समापन 31 मई को सागर में किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया।
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!