भोपाल में जल गंगा संवर्धन अभियान: डिप्टी सीएम ने रिबन काटा विधायक ने तसला उठाया

Updesh Awasthee
भोपाल, 19 मार्च 2026
: विक्रम संवत 2083 के पहले दिन मध्य प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ हो गया। भोपाल में डिप्टी सीएम श्री जगदीश देवड़ा ने रिबन काटकर अभियान का शुभारंभ किया जबकि विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने तसला उठाकर केरवा नदी की सफाई का काम शुरू किया। 

पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में प्याऊ का लोकार्पण 

जनसंपर्क अधिकारी श्री संतोष मिश्रा की रिपोर्ट के अनुसार, उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने आज भगवान पशुपतिनाथ मंदिर परिसर से “जल गंगा जल संवर्धन अभियान” का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंदिर परिसर में आमजन की सुविधा के लिए निर्मित प्याऊ का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन, पत्रकार उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और वर्तमान समय में जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। “जल गंगा जल संवर्धन अभियान” के माध्यम से जिले में जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जाएंगे। यह अभियान 30 जून 2026 तक संचालित होगा। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत तालाबों, नदियों, कुओं, बावड़ियों सहित अन्य पारंपरिक जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार किया जाएगा। साथ ही इन जल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई, गहरीकरण एवं मरम्मत के कार्य भी सुनिश्चित किए जाएंगे, जिससे वर्षा जल का अधिकतम संचयन हो सके।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल शासन का नहीं, बल्कि जन-जन का अभियान है। इसमें आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं शासकीय विभागों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपील की कि जल संरक्षण के इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखें।

इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर में शुरू की गई प्याऊ व्यवस्था की सराहना की और कहा कि इससे श्रद्धालुओं एवं आमजन को गर्मी के मौसम में शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा, जो एक सराहनीय पहल है। 

केरवा नदी के उद्गम स्थल पर नाले की सफ़ाई एवं गहरीकरण कार्य का शुभारंभ

जनसंपर्क अधिकारी श्री विजय/अरुण शर्मा की रिपोर्ट के अनुसार, भोपाल जिले की जनपद पंचायत फन्दा की 96 ग्राम पंचायतों में जन- भागीदारी से जल-संरक्षण कार्य चल रहा है। अभियान के तहत तालाब, नाले गहरीकरण और सफ़ाई के काम कराए जा रहे हैं।  

हुजूर विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने गुरुवार को ग्राम पंचायत अमला में केरवा नदी के उद्गम स्थल पर नाले की सफ़ाई एवं गहरीकरण कार्य का शुभारंभ किया। 19 मार्च से 30 जून 2026 तक, 96 ग्राम पंचायतें, जन- भागीदारी पर विशेष जोर, जल- स्रोतों का पुनर्जीवन, वर्षा-जल संग्रह बढ़ाना और स्वच्छ पर्यावरण के तहत कार्य कराए जाएंगे। 

विधायक श्री शर्मा ने कहा कि “जल ही जीवन है, समुदाय की भागीदारी से ही इस अभियान को सफलता मिलेगी।” 
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!