भोपाल, 6 मार्च 2026 : भोपाल में दोस्तों के बीच लड़ाई झगड़े के दौरान 7 युवाओं ने, एक युवक को किडनैप किया। 2 घंटे तक बेरहमी से मारा। जब वह बेहोश हो गया तो उसका अस्पताल में भर्ती करवाया और घर वालों को फोन पर सूचना देकर फरार हो गए।
Bhopal Youth Brutally Beaten by Friends, Later Admitted to Hospital and Family Informed
मामला कोलार पुलिस थाना क्षेत्र का है। हमले का शिकार हुए युवक का नाम दिनेश अहिरवार उम्र 22 वर्ष है। उसने पुलिस को बताया कि,दिनेश ने पुलिस को बताया कि 4 मार्च 2026 की दोपहर करीब एक बजे वह बांसखेड़ी पुलिया के पास से पैदल गुजर रहा था। इसी दौरान निक्की शुक्ला, आकाश प्रजापति, तिलक चौहान, दिव्यांशु, नन्नू, अजय और अमन प्रजापति ने उसे रोक लिया।
आरोपियों ने उससे कहा कि वह विशु शर्मा के साथ क्यों घूमता है और उनकी उससे पुरानी रंजिश है। अब उससे दोस्ती का खामियाजा तुझे भी भुगतना होगा और जबरन कार में बैठने का दबाव बनाया। दिनेश के अनुसार आरोपी उसे कार में बैठाकर सोम्या ग्रीन सिटी कॉलोनी के पास एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां डंडे, लाठी, बेल्ट और लात-घूसों से उसकी जमकर पिटाई की गई। लगातार मारपीट के कारण वह बेहोश हो गया।
दिनेश ने बताया कि बेहोश होने के बाद आरोपी अपने साथी अनस खान के साथ उसे अस्पताल छोड़कर चले गए। बाद में वहीं से परिजनों को फोन कर एक्सीडेंट की सूचना दी गई।
शिवानी ने कंफर्म किया, भाई के फोन से कॉल आया था
दिनेश की बहन शिवानी अहिरवार ने बताया कि उसके भाई के मोबाइल से फोन आया और कहा गया कि दिनेश का एक्सीडेंट हो गया है। उसे गंभीर चोट आई है और तुरंत सीएचसी अस्पताल कोलार रोड पहुंचने को कहा गया। शिवानी अपनी मां गीता और बहन निकिता के साथ अस्पताल पहुंची, जहां दिनेश का इलाज चल रहा था और उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें थीं।
आरोपियों का क्राइम रिकॉर्ड भी है, पुलिस ने बताया
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और उनकी तलाश की जा रही है। जल्द सभी की गिरफ्तारी की जाएगी।
डॉक्टर ने का दिनेश खतरे से बाहर है
इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि दिनेश खतरे से बाहर है। उसके हाथ की दो उंगलियों में फ्रैक्चर है और पैर की उंगली में भी चोट है।

.webp)