भोपाल, 14 मार्च 2026 : भोपाल में पुलिस कमिश्नर प्रणाली की समीक्षा का समय आ गया है। शहर में संगठित गिरोह, अपराध कर रहे हैं। कल पता चला कि इल्लीगल गैंग में 50 से ज्यादा सदस्य हैं। आज अशोका गार्डन में गैंगवार हो गई। एक गैंग लीडर का बेटा घायल हो गया। बदमाशों की हिम्मत देखो, पहले उन्होंने घर पर हमला किया, घायल को जब अस्पताल ले गए तो अस्पताल में जाकर फायरिंग की।
Gang War in Bhopal: Firing Reported at Ashoka Garden and Hamidia Hospital
भोपाल में पिछले तीन महीना में मछली गैंग से लेकर इल्लीगल गैंग तक करीब आधा दर्जन अपराधिक गैंग के नाम सामने आ चुके हैं। आज लल्लू रईस गैंग और शादाब गेट गिरोह का नाम सामने आ गया। बताया गया है कि दोनों गैंग में 10 से अधिक लोग हैं। कुख्यात बदमाश लल्लू रईस ने पत्रकारों को बताया कि शादाब गेट, शावर, गुड्डू स्टेशन और अल्लू परवेज समेत 8 से 10 लोग शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे शंकर गार्डन स्थित उनके घर पहुंच गए। आरोपी उनके बेटे इमरान का पीछा करते हुए घर तक आए थे।
2 साल पुराने हमले का बदला लिया है
इमरान जैसे ही घर पहुंचा, आरोपियों ने पीछे से उस पर फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए इमरान तुरंत घर के अंदर घुस गया और गेट लॉक कर लिया। इसी दौरान चली एक गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। लल्लू रईस का कहना है कि करीब दो साल पहले इमरान ने शादाब गेट के भाई पर हमला किया था, जिसमें उसकी उंगलियां कट गई थीं। उसी रंजिश का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया।
घटना को लेकर एसीपी अनिल बाजपेयी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। हमीदिया अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि घटना के समय अशोका गार्डन में लगभग 10 बदमाश शामिल थे। उन्होंने सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग की। जब घायल को हमीदिया अस्पताल ले जाया गया तो बदमाशों ने अस्पताल परिसर में भी घुसकर गोलियां चलाईं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। गोलियां अस्पताल की खिड़की और दीवार पर जाकर लगीं। लल्लू रईस ने बताया कि अस्पताल में मुझ पर भी फायरिंग की गई। गनीमत रही कि कोई गोली नहीं लगी।
पुलिस के मुताबिक मामला अशोका गार्डन और कोहेफिजा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। दोनों थानों की पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं।

.webp)