भोपाल समाचार, 8 मार्च 2026: पिछले महीने वर्ग 2 की उम्मीदवारों ने लोक शिक्षण संचालनालय की खिड़कियां हिला दी थी। अब मार्च के महीने में शिक्षक चयन परीक्षा वर्ग एक के उम्मीदवार स्कूल शिक्षा मंत्री के घर, होली मिलने के लिए आएंगे। यदि स्कूल शिक्षा मंत्री ने न्याय किया तो होली, नहीं तो हल्ला होगा।
Bhopal: “Education Minister - Varg 1” Meet Announced, A New Way to Grab Attention
श्री आशीष तिवारी ने बताया कि, प्रदेश में उच्च माध्यमिक शिक्षक (वर्ग-1) भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों के बीच असंतोष गहराता जा रहा है। शासन द्वारा इस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत कुल 8,720 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया गया था, लेकिन विडंबना यह है कि अब तक मात्र 2,901 अभ्यर्थियों को ही नियुक्ति प्रदान की गई है। हैरानी की बात यह है कि शिक्षा विभाग में वर्तमान में एक लाख से अधिक पद रिक्त हैं। इसके बावजूद, हजारों योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने के बजाय उन्हें प्रतीक्षा सूची (Waiting List) में रखा गया है। अभ्यर्थियों का तर्क है कि जब विभाग में इतने बड़े पैमाने पर पद खाली हैं, तो प्रतीक्षा सूची के योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति देना पूरी तरह से न्यायसंगत और आवश्यक है।
अभ्यर्थियों का मानना है कि इन नियुक्तियों से न केवल शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा, बल्कि प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी को भी दूर किया जा सकेगा। उनकी मांग है कि सरकार शेष पदों पर भर्ती को पूरा करे और पदों की संख्या में वृद्धि करे ताकि प्रतीक्षा सूची के सभी अभ्यर्थियों को आसानी से समायोजित किया जा सके। अपनी इन मांगों को लेकर प्रदेशभर के अभ्यर्थी सक्रिय हैं और आगामी 21 मार्च को शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर अपनी बात रखेंगे।
अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि इस मुलाकात के बाद शेष पदों पर भर्ती और प्रतीक्षा सूची के उम्मीदवारों की नियुक्ति के संबंध में सरकार कोई सकारात्मक निर्णय लेगी।

