इंदौर, 13 जनवरी 2026 : वृंदावन वाले संत प्रेमानंद गोविंद शरण के प्रवचनों से प्रेरित होकर 15 साल के एक बच्चे ने घर परिवार छोड़ दिया। वह बुधवार को अचानक घर से चला गया। अपने पीछे एक पत्र छोड़ा है। अपने फोटो पर प्रेमानंद जी के वचन लिखे हैं और संकेत दिया है कि, उसको वह ज्ञान प्राप्त हो गया है जिसके लिए उसका जन्म हुआ है। इसलिए वह जा रहा है। उल्लेख आवश्यक है कि संत प्रेमानंद ने भी 13 साल की उम्र में सन्यास धारण कर लिया था।
पुत्र का परिवार के नाम आखिरी पत्र
पिता ने गुरुवार को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने के बाद परिवार जब घर पहुंचा तो उन्हें एक पत्र मिला। यह पत्र उनके बेटे ने ही लिखा था, जिसमें उसने अपने घर छोड़ने की बात बताई है। लेटर में उसने लिखा-
Influenced by Premanand Maharaj, 15-Year-Old Boy Walks Away from Home
“मां, पापा, भैया और दादा… आज मैं अपने असली परिवार के पास जा रहा हूं। आप लोग कृपया रोइए मत और मुझे ढूंढने की कोशिश भी मत कीजिए। अब मैं अपने मां-पिता के साथ ही रहूंगा। आप लोग यह मत समझना कि मैं किसी डांट-फटकार या रिजल्ट खराब होने की वजह से घर छोड़कर जा रहा हूं। मैं बस अपनी असलियत जान गया हूं। अगर आप जानना चाहते हैं कि वह असलियत क्या है, तो मेरे फोटो को देख लेना। उसमें प्रेमानंद जी महाराज के वचन लिखे हैं। अब तक मैंने जो जीवन आपके साथ बिताया, वह पूरा हो गया है। मैंने एक दोस्त से 500 रुपए लिए हैं, कृपया उसे वापस कर देना। आप लोग घबराना मत, मैं जा रहा हूं। जय माता दी।”
भाई बोला- प्रेमानंद महाराज के प्रवचन सुनता था
बच्चे के बड़े भाई ने बताया कि भाई की गूगल हिस्ट्री और इंस्टाग्राम देखने पर पता चला कि वह उत्तराखंड की एक माताजी के भजन और प्रेमानंद जी महाराज के प्रवचन सुनता था। पत्र में उसने प्रेमानंद जी महाराज के एक प्रवचन का भी जिक्र किया है।
उसने इंदौर के बाहर की दुनिया ही नहीं देखी: पिता ने बताया
पिता ने गुरुवार को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पिता के मुताबिक जब वह छोटा था, तब उसे अपने साथ मथुरा लेकर गए थे। इसके अलावा उसने इंदौर के बाहर ज्यादा जगहें नहीं देखी हैं। वह धार्मिक प्रवृत्ति का था और रोज करीब दो घंटे पूजा-पाठ करता था। वह संतों और खासकर संत प्रेमानंद के प्रवचन भी मोबाइल पर देखता था और उनसे काफी प्रभावित था। दिनभर घर में रहता था। शाम के वक्त लगभग 2 घंटे माता रानी के यहां सेवा करता था। रोज मंदिर जाता था।
अभी तक जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि उसने मोबाइल पर देहरादून जाने वाली ट्रेन के बारे में सर्च किया था। परिवार ने रिश्तेदारों को भी जानकारी दे दी है और वे भी उसकी तलाश में जुटे हैं। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में छात्र अकेला जाते हुए दिखाई दिया है।

.webp)

