कभी आपने कोड़े खाने की सजा के बारे में सुना? क्या इसका उद् गम उन अन्य पवित्र ग्रंथों में नहीं मिलता जिनका उल्लेख मनुस्मृति से तुलना करते हुए मैं करता आया हूँ।
बाइबल और रब्बिनिक दोनों में चाबुक मारने की सजा का प्रावधान है
बाइबिल Deuteronomy (25:1–3) और रब्बिनिक कानून के अनुसार, कोड़े (यहूदी चाबुक मारने की सजा) उन सभी अपराधों के लिए दी जा सकती है जो मृत्युदंड के योग्य नहीं हैं। चाबुकों की संख्या 40 से अधिक नहीं हो सकती थी। यह पैग़म्बर मूसा का निर्देश था। यह स्पष्ट नहीं है कि चाबुक की अधिकतम संख्या चालीस क्यों निर्धारित की गई, क्योंकि चाबुक चलाने वाले की बांह की ताकत या कोड़े चलाने वाले द्वारा दिखाई गई उत्साहशीलता का प्रभाव सजा की कठोरता पर सटीक संख्या से कहीं अधिक होता है। वैसे भी, चालीस कोड़े लगाना सबसे कठोर सजा प्रतीत होती है, और इससे अक्सर भयानक चोटें और संभवतः मृत्यु हो जाती होगी।
उपयोग किया गया चाबुक वास्तव में एक भयानक हथियार था, क्योंकि उसके थोंग्स असमान लंबाई के थे, जिनमें सबसे लंबा थोंग पूरे शरीर को घेर सकता था और पीठ के साथ-साथ छाती पर भी भयानक चोटें पहुँचा सकता था। ऐसा प्रतीत होता है कि चाबुक कई छोटे अपराधों और विचलनों के लिए पसंदीदा सजा का साधन था। इसे विशेष रूप से व्यभिचार के दोषी वचनबद्ध स्त्री की सजा के रूप में उल्लेखित किया गया है। इसके अलावा, यह प्रमाणित है कि यह हिब्रूओं और उनके समकालीनों द्वारा राजनीतिक और नस्लीय अपराधियों पर सजा देने के लिए भी इस्तेमाल किया जाता था।
इंग्लैंड का व्हिपिंग एक्ट, छुआछूत की प्रथा से खतरनाक था
तो जब इंग्लैंड में 1530 में व्हिपिंग एक्ट पारित किया गया था, वह पूर्व-उपनिवेशन काल था। इसलिए मनु की छूत लगने का सवाल ही नहीं था। इंग्लैंड में इस कानून के तहत, भिखारियों, बेरोजगारों, आवाराओं को पास के किसी आबादी वाले इलाके में ले जाया जाता था “और वहाँ उन्हें गाड़ी के सिरे से नग्न बाँध दिया जाता था तथा बाजार शहर भर में कोड़े मारकर पीटा जाता था जब तक कि उनका शरीर खूनाखून न हो जाए”। इंग्लैंड के हर शहर और गाँव में जगह जगह Whipping खंभे गड़े मिलते थे।
जरा-जरा सी बात पर कोड़े मारने की सजा देते थे
पुरुषों और महिलाओं को पैडलिंग, रविवार को शराब पीने और दंगा में भाग लेने जैसे तुच्छ अपराधों के लिए निर्दयतापूर्वक कोड़े लगाए जाते थे। ऐतिहासिक अभिलेखों की खोज से पता चलता है कि
1641 में, एक्लेसफील्ड में, एक महिला को फेलोनी (गुंडागर्दी) के आरोप में एलेन शॉ को कोड़े मारने के लिए चार पेंस का भुगतान किया गया;
1680 में वूस्टर में एक महिला को कोड़े लगाए गए;
1690 में, डरहम में, एलीनर विल्सन को रविवार को शराब पीने के लिए “ग्यारह और बारह बजे के बीच बाजार स्थल पर सार्वजनिक रूप से कोड़े लगाए गए”¹;
1759 में, वूस्टर कॉर्पोरेशन के अभिलेखों के अनुसार, एलिजाबेथ ब्रैडबरी को कोड़े मारने के लिए 2 शिलिंग 6 पेंस का शुल्क दिया गया, लेकिन नोट्स एंड क्वेरीज़ (30 अक्टूबर 1852) के एक संवाददाता के अनुसार, यह राशि संभवतः “गाड़ी किराए की लागत को शामिल करती थी, जिसे आमतौर पर अलग से 1शिलिंग 6पेंस लिया जाता था”;
1699 में, बर्नहम चर्च रजिस्टर में एक प्रविष्टि है जो “बेंजामिन स्मैट, और उनकी पत्नी तथा तीन बच्चों, भटकने वाले भिखारियों” को कोड़े मारने का उल्लेख करती है।
”व्हिपिंग” पर ब्रिटानिका विश्वकोश (ग्यारहवाँ संस्करण) के लेखक के अनुसार “1598 में ईस्टर पर डेवोनशायर में क्वार्टर सेशंस में आदेश दिया गया कि अवैध बच्चों की माताओं को कोड़े लगाए जाएँ, और कथित पिताओं को भी वैसी ही सजा भुगतनी पड़े।”
1325 में लेडी एलिस काइटेलर के जादू-टोने के मुकदमे के अवसर पर, उनकी एक सहयोगी को तब तक कोड़े लगाए गए जब तक उसने लेडी एलिस को भी शामिल करते हुए अपना स्वीकारोक्ति नहीं दे दिया।
हंटिंग्डनशायर के ग्रेट स्टॉटन के टाउन काउंसिल ने 1690 में एक महिला पागल को पहरेदारी करने और कोड़े मारने के लिए आठ शिलिंग और छह पेंस का भुगतान अधिकृत किया; और
इसी शहर के अभिलेखों में लगभग बीस वर्ष बाद आठ पेंस का भुगतान एक थॉमस हॉकिन्स को “दो लोगों को कोड़े मारने के लिए जो चेचक से पीड़ित थे” दर्ज है।
सबसे क्रूर कोड़े मारने की घटना
शायद रिकॉर्ड पर सबसे क्रूर कोड़े मारने की घटनाओं में से एक जेफ्रीज द्वारा टुटचिन को सात वर्ष की कैद की सजा थी, जिसमें उसे हर साल डोर्सेटशायर के हर शहर से होकर कोड़े लगाए जाने थे। एक सजा जो, गणना के अनुसार, “सात वर्षों तक हर पखवाड़े एक बार कोड़े लगाने के बराबर थी।”
फिर डेंजरफील्ड को एल्डगेट से न्यूगेट तक पूरे रास्ते कोड़े लगाए गए, इतनी क्रूरता से कि वह कुछ दिनों बाद मर गया;
टाइटस ओट्स को छह थोंग्स वाले चाबुक से कोड़े लगाए गए, जो उक्त सैडिस्टिक जज जेफ्रीज द्वारा दी गई एक अन्य क्रूर सजा के अनुसार था, और कोड़े तब तक लगाए गए जब तक कैदी पैरों पर खड़ा न रह सका।
महिलाओं को अकेले में और पुरुषों को सार्वजनिक कोड़े मारे जाते थे
कुछ मामलों में, विशेष रूप से जब महिलाओं को कोड़े मारने के विरुद्ध सार्वजनिक भावना भड़कने लगी, तो महिला कोड़े मारने की सजाएँ जेल की सीमाओं या जेल के मैदान में दी जाती थीं। इस प्रकार हम लॉन्सेस्टन में 1792 में पाते हैं कि एक महिला चोर को “नंगे पीठ तक उतारकर निजी रूप से तब तक कोड़े लगाए जाने का आदेश दिया गया जब तक वह खूनी न हो जाए,” जबकि उसी समय और उसी अदालत में एक पुरुष चोर को समान सजा दी गई, सिवाय इसके कि उसके मामले में कोड़े “सार्वजनिक सड़क पर” लगाए जाने थे।¹
हालांकि, महिलाओं की शारीरिक सजा को निजी रूप से देने के संबंध में कोई सरकारी नियम नहीं था, यह संबंधित स्थानीय अधिकारियों के विवेक पर छोड़ा गया था, और देश के कई हिस्सों में सार्वजनिक रूप से महिला कोड़े मारना तब तक जारी रहा जब तक कि महिलाओं की शारीरिक सजा को पूरी तरह समाप्त करने वाला अधिनियम पारित नहीं हो गया।
महिलाओं की सार्वजनिक whipping 1817 में बंद हुई। पुरुषों की सार्वजनिक whipping 1862 में औपचारिक रूप से समाप्त हुई पर 1863 में Garrotters Act से कुछ हिंसक अपराधों (जैसे robbery with violence) के लिए whipping फिर शुरू हुई। 1948 के Criminal Justice Act से ब्रिटेन, स्कॉटलैंड और वेल्स में judicial whipping पूरी तरह समाप्त हो गई (सिवाय कुछ विशेष मामलों के, जैसे prison violence, जो 1967 तक चला)।
फ्रांस, जर्मनी, रूस, नीदरलैंड्स, डेनमार्क सब जगह कोड़े मारने की प्रथा थी
यह अकेले इंग्लैंड की बात नहीं थी। यह फ्रांस, जर्मनी, रूस, नीदरलैंड्स, डेनमार्क सब जगह कोड़े मारने की प्रथा थी। जब उपनिवेशवाद का दौर आया तो भारत में Whipping Act of 1864 (Act VI of 1864) और Whipping Act, 1909 (Act IV of 1909) विशेष रूप से कॉलोनियों के लिए बनाए गए थे। ये Indian Penal Code (1860) के साथ जोड़े गए, जहाँ whipping छोटे अपराधों (theft, dacoity आदि) के लिए आम थी, खासकर “whippable” श्रेणी के लोगों पर। अठारह सौ के प्रारंभिक दशकों में ऑस्ट्रेलियाई दंड कॉलोनियाँ इतनी कठोर कोड़े मारने की घटनाओं का दृश्य बनीं जो मात्र क्रूरता के मामले में इंग्लैंड में सोलहवीं शताब्दी के दौरान या अमेरिका के दक्षिणी राज्यों में गुलामी के दिनों में दी गई सबसे बुरी सजाओं से टक्कर लेती थीं।
मनु का महत्त्व समझ में तभी आयेगा
मैंने जानबूझकर इतना विस्तृत उल्लेख किया है। मनु का महत्त्व समझ में तभी आयेगा। मनुस्मृति में ऐसी whipping या flogging का कोई उल्लेख नहीं है। अधिकतम निकट जो चीज वहाँ है, अधिकारी विद्वानों की नज़र में वह भी प्रक्षिप्त है। फिर भी उसी का सहारा लें।
भार्या पुत्रश्च दासश्च प्रेष्यो भ्राता च सोदरः।
प्राप्तापराधास्ताड्याः स्यू रज्ज्वा वेणुदलेन वा॥
पृष्ठतस्तु शरीरस्य नोत्तमाङ्गे कथञ्चन।
अतोऽन्यथा तु प्रहरन् प्राप्तः स्याच्चौरकिल्बिषम् ।।
पत्नी, पुत्र, दास और छोटा सगा भाई इनके अपराध करने पर रस्सी या बांस की पतली छड़ी से इनकी ताड़ना करे। किन्तु रस्सी आदि से शरीर के पृष्ठभाग/पीठ पर ताड़ना करे। कभी भी उत्तमांगों पर ताड़ना न करे। इससे भिन्न प्रकार से या अन्य स्थानों पर ताड़ना करने पर चोर के दण्ड से दण्डनीय होगा।
स्लेवरी के अर्थ में दासप्रथा हमारे यहाँ नहीं थी
अब विद्वान इसे प्रक्षिप्त इसलिए मानते हैं कि दासप्रथा का कोई विधान मनु ने नहीं किया है। मैं भी मानता हूँ कि स्लेवरी के अर्थ में दासप्रथा हमारे यहाँ नहीं थी। पर दास को भृत्य के भारतीय अर्थ में ले लें। तो भी यह एक घरेलू मामला लगता है। विद्वान यह कहते हैं कि जब मनु ने स्त्रियों को लक्ष्मीरूप बताया है तो हाथ उठाने की बात वहीं निवारित हो गई। पुत्र पुत्री आत्मा रूप बताये हैं और यहीं से उनका पर्याय आत्मज और आत्मजा हो गया। वे सिर्फ शरीर से पैदा हुए मात्र नहीं हैं। मनु का कहना यह था कि
परस्य दण्डं नोद्यच्छेत्क्रुद्धो नैव निपातयेत् ।
अन्यत्र पुत्राच्छिष्याद्वा शिष्ट्यर्थं ताडयेत्तु तौ ॥ ४.१६४ ॥
पुत्र और शिष्य से भिन्न अन्य किसी व्यक्ति पर दण्ड न उठाये अर्थात् दण्ड आदि से न मारे और पुत्र तथा शिष्य को भी क्रोधित होकर न मारे, ताड़ना न करे, उन पुत्र और शिष्य को भी केवल भव शिक्षा देने की भावना से ही ताड़ना करे।
यानी पुत्र और शिष्य के अलावा शेष सब मुक्त हैं ही।यानी पुत्री और शिष्या पर भी नहीं। दूसरे पुत्र और शिष्य पर जब क्रोध आये तब उन्हें भी नहीं मारना है।शिक्षा के लिए भर दंड उठाया जा सकता है।
विद्वान कहते हैं कि मनु का निर्देश तो यह है कि
ऋत्विक्पुरोहिताचार्यैर्मातुलातिथिसंश्रितैः।
बालवृद्धातुरैर्वैद्यैर्जातिसम्बन्धिबान्धवैः॥
मातापितृभ्यां यामिभिर्भात्रा पुत्रेण भार्यया।
दुहित्रा दासवर्गेण विवादं न समाचरेत्॥
मनुष्य कभी ऋत्विक्-विशेष यज्ञ कराने वालों, कुल- पुरोहित, शिक्षा देने वालों से, मामा, अतिथियों, आश्रित जनों आदि से, बालकों, बूढ़ों, रोगियों से, वैद्यों, अपने वंशवालों, रिश्तेदारों, मित्रों से, माता-पिता से, बहनों से भाइयों से, पुत्र से, पत्नी से,पुत्री से, सेवकों से कभी लड़ाई-झगड़ा न करें। मनु ने यह कहा कि विवाद न करने से पाप-निवृत्ति होती है:
एतैर्विवादान्संत्यज्य सर्वपापैः प्रमुच्यते।
एभिर्जितैश्च जयति सर्वाल्लोकानिमान्गृही॥
गृहस्थ इनके साथ बहस या झगड़ा न करके सब पापों से छूट जाता है और इन्हें जीतकर अर्थात् अपने मधुर व्यवहार से इनके मनों को जीतकर इन सब लोकों को जीत लेता है।
मनुस्मृति में खूनाखून करने जैसा कुछ भी नहीं है
इसलिए कई लोगों को रज्जु या छड़ी का उपयोग पीठ पर करना बताने वाला श्लोक भी प्रक्षिप्त लगता है। पर यदि हम मान भी लें तो भी उसे अपने घर-परिवार तक सीमित रखना ही यह बताता है कि इसमें वह दंडात्मक कर्कशता नहीं है क्योंकि अपनों पर ही हाथ उठाना है। वहाँ खूनाखून करने जैसा नहीं है। फिर वह रस्सी है, चाबुक नहीं है। पतली सी छड़ी है, कोड़ा नहीं है। फिर यह भी ध्यान रखना है कि पीठ के इतर शरीर में कहीं नहीं लगना है। यह भी ध्यान दें कि यह सजा राजा के द्वारा दी जाने वाली सजा नहीं है, यह गृहस्वामी का कार्य है। राज्य के द्वारा दी गई सजा में बेंत का उल्लेख यों आता है।
स्त्रीबालोन्मत्तवृद्धानां दरिद्राणां च रोगिणाम् ।
शिफाविदलज्जुभिर्वापि विद्ध्यान्नृपतिर्दृढम् ॥(९.३३०)
पर यह स्पष्टतया प्रक्षिप्त बताया गया है क्योंकि यह नवम् अध्याय के द्यूतप्रसंग में आया है। बात जुए की चल रही है, उस पर एक जनरल दंड का श्लोक कहाँ से आ गया ? जुआरियों के लिए जनरल दंड देश निकाले के रूप में मनु पहले बता चुके हैं।
वे मनु जो कशाघात तक को प्रयुक्तव्य नहीं मानते थे, उनके दंड-विधान में ये अंग भंग जैसी दुष्टताएँ कैसे जोड़ दी गईं? लेखक श्री मनोज श्रीवास्तव, भारतीय प्रशासनिक सेवा से रिटायर्ड अधिकारी हैं।

.webp)