मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित कार्मेल कान्वेंट स्कूल एक जमाने में भोपाल का सबसे अच्छा गर्ल्स स्कूल हुआ करता था, लेकिन अब भोपाल का सबसे विवादित स्कूल होता जा रहा है। हाई प्रोफाइल परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं इसलिए स्कूल में होने वाली घटनाओं की निष्पक्ष जांच नहीं हो पाती लेकिन घटना तो गंभीर है। परीक्षा के ठीक पहले कक्षा 6 में पढ़ने वाली एक लड़की पहली मंजिल की छत से कूद गई। इन्वेस्टिगेशन का पॉइंट होना चाहिए कि स्कूल में ऐसा क्या हुआ था, जो परीक्षा देने आई लड़की ने आत्महत्या की कोशिश कर डाली।
घटना का संक्षिप्त विवरण
घटना शनिवार सुबह 7.30 बजे हुई, जब वह परीक्षा देने स्कूल पहुंची। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे डर गए। छात्रा को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत खतरे से अब बाहर है। स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को भी सूचना दी। सूचना मिलने पर गोविंदपुरा पुलिस स्कूल पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। पुलिस ने बताया कि छात्रा, उसके परिवार और सहपाठियों से पूछताछ के बाद ही घटना के पीछे का वास्तविक कारण सामने आएगा। स्कूल प्रशासन ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
डॉक्टर ने नहीं बताया कि चोट कितनी गंभीर है
घायल छात्रा को पिपलानी स्थित बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी सीटी स्कैन आदि जांच भी कराई जा रही हैं। रिपोर्टिंग के समय उसकी मौसी ही वहां मौजूद थी। छात्रा को कितनी चोट आई हैं, इसकी पूरी जानकारी डॉक्टर ने नहीं दी है। छात्रा की मौसी पिंकी के अनुसार, पिता गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल क्षेत्र में एक फैक्ट्री में काम करते हैं। वहीं उसकी मां फिलहाल चेन्नई गई हुई हैं। घायल छात्रा पांच बहनों में सबसे छोटी है। उसकी अन्य चार बहनों में दो बड़ी बहनें एलएलबी कर रही हैं। वहीं, एक बहन 8वीं और दूसरी 11वीं में है।
प्रत्यक्षदर्शी बोली- पेपर शुरू होने के 5-10 मिनट पहले कूदी
घटना के वक्त स्कूल में मौजूद एक छात्रा ने बताया कि पेपर शुरू होने से 5-10 मिनट पहले छात्रा फर्स्ट फ्लोर की ओर भागी। उसे रोकने के लिए स्कूल स्टाफ पीछे दौड़ा, लेकिन तब तक वो कूद चुकी थी। वो बीच में एक छज्जेनुमा किसी चीज से टकरा गई, इसलिए थोड़ा दूर जाकर गिरी। उसके गिरते ही स्कूल स्टाफ और बच्चे उधर भागे। सिस्टर की पीए जया दीदी ने एम्बुलेंस को कॉल किया। फिर उसे अस्पताल ले जाया गया।
कुछ सवाल जो स्कूल मैनेजमेंट को जांच के दायरे में लाते हैं
- पुलिस को सीसीटीवी फुटेज दिखाए गए लेकिन दिए नहीं गए।
- पुलिस ने घटना के तत्काल बाद मामले को संभालने के लिए कहा कि लड़की अपनी मर्जी से कूद गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है, लेकिन किसी भी शर्त पर सीसीटीवी वीडियो को मीडिया के साथ शेयर करने से मना कर दिया।
- यदि स्कूल में कुछ नहीं हुआ था तो फिर स्टाफ लड़की को रोकने के लिए उसके पीछे क्यों भागा।
- जब स्कूल के बिल्कुल नजदीक करियर हॉस्पिटल है तो फिर बालाजी हॉस्पिटल क्यों ले गए।
- स्कूल में ऐसा क्या हो गया था, जो परीक्षा देने आई लड़की ने परीक्षा देने से पहले आत्महत्या का प्रयास किया?
- जो पुलिस अधिकारी घटना के पहले से ही स्कूल मैनेजमेंट को निर्दोष बता रहा हो, क्या उसकी जांच पर भरोसा किया जा सकता है।
कार्मेल कान्वेंट स्कूल के बारे में आपका क्या विचार हैं। कृपया इस समाचार की लिंक के साथ सोशल मीडिया पर शेयर कीजिए।